एग्जिट पोल में महाराष्ट्र-हरियाणा में भाजपा सरकार की वापसी के संकेत, दो-तिहाई सीटें मिलने का अनुमान
महाराष्ट्र और हरियाणा दोनों राज्यों में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती दिख रही है। सोमवार को दोनों राज्यों के लिए हुए विधानसभा चुनावों के बाद एक्जिट पोल में इस बात के संकेत मिल रहे हैं। महाराष्ट्र में छह एग्जिट पोल का औसत बताता है कि वहां 288 सीटों में से भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 213 सीटों पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 61 और अन्य को 14 सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा। हरियाणा में चार एग्जिट पोल के औसत के अनुसार वहां की 90 सीटों में से भाजपा को 63 सीटों पर जीत मिल सकती है। यहां कांग्रेस को सिर्फ 16 और अन्य को 11 सीटें मिलने की उम्मीद है। सर्वेक्षणों से संकेत मिलते हैं कि महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन और हरियाणा में भाजपा को दो-तिहाई से ज्यादा सीटें मिलेंगी।
दोनों राज्यों में वोटिंग पिछली बार से कम
चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में 63 फीसदी और हरियाणा में 62 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव में 76 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। महाराष्ट्र में 2014 के विधानसभा चुनाव में 63.38 फीसदी वोट पड़े थे। यहां शहरों की तुलना में गांवों में ज्यादा वोटिंग हुई।
महाराष्ट्र में क्या कहते हैं एक्जिट पोल
टाइम्स नाउ के सर्वे के अनुसार महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को 230 सीटें (भाजपा को 130 और शिवसेना को 100) मिलेंगी। कांग्रेस-एनसीपी को 48 सीटें (कांग्रेस को 28 और एनसीपी को 20) मिल सकती हैं। अन्य दलों के खाते में 10 सीटें जाएंगी। एबीपी-सीवोटर के सर्वे के अनुसार भाजपा-शिवसेना को 204, कांग्रेस-एनसीपी को 69 और अन्य को 15 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वे के मुताबिक भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 166-194, कांग्रेस-एनसीपी को 72-90 और अन्य को 22-34 सीटें मिलने की संभावना है। इनके सर्वे के अनुसार भाजपा गठबंधन को 45 फीसदी और कांग्रेस-एनसीपी को 35 फीसदी वोट मिलेंगे। अन्य पार्टियों को 20 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
न्यूज18-आइपीएसओएस के अनुसार भाजपा-शिवसेना को 243, कांग्रेस-एनसीपी को 43 और अन्य को 4 सीटें मिलेंगी। रिपब्लिक के सर्वे के अनुसार महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन को 216-230, कांग्रेस गठबंधन को 50-69 और अन्य को 8-12 सीटें मिलने का अनुमान है। टीवी9-सीआइसीईआरओ के अनुसार भाजपा गठबंधन को 197, कांग्रेस को 75 और अन्य को 16 सीटें मिलेंगी।
एक्जिट पोल की नजर में हरियाणा
हरियाणा में न्यूज18-आइपीएसओएस के सर्वे के अनुसार भाजपा को 75, कांग्रेस को 10, जेजेपी को 2 और अन्य को 3 सीटें मिलने का अनुमान है। टाइम्स नाउ के अनुसार भाजपा को 71, कांग्रेस को 11 और अन्य को 8 सीटें मिल सकती हैं। एबीपी-सीवोटर के अनुसार इस राज्य में भाजपा को 72, कांग्रेस को 8 और अन्य को 10 सीटें मिलने की उम्मीद है। रिपब्लिक के अनुसार भाजपा को 52-63, कांग्रेस को 15-19 और अन्य को 12-19 सीटें मिल सकती हैं। टीवी9-सीआइसीईआरओ के अनुसार हरियाणा में भाजपा को 69, कांग्रेस को 11 और अन्य को 10 सीटें मिलने की संभावना है।