Advertisement
16 July 2019

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने स्वतंत्र देव सिंह, चंद्रकांत पाटिल को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी

File Photo

उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। यूपी में स्वतंत्र देव सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। स्वतंत्र देव सिंह यूपी सरकार में परिवहन मंत्री हैं। वहीं, महाराष्ट्र में चंद्रकांत पाटिल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बारे में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। 

स्वतंत्र देव सिंह को यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पिछड़ी जातियों की राजनीति में भाजपा ने बड़ा दांव चला है। स्वतंत्र देव संगठन की नब्ज से वाकिफ हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में उन्हें मध्य प्रदेश का प्रभारी भी बनाया गया था। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें एमपी की जीत का तोहफा दिया है।

महाराष्ट्र में रावसाहेब पाटिल का इस्तीफा

Advertisement

इससे पहले महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रावसाहेब पाटिल दानवे ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। दरअसल, रावसाहेब पाटिल केंद्र सरकार में मंत्री बने हैं और ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा की 'एक व्यक्ति एक पद' नीति को देखते हुए उन्होंने इस्तीफा दिया है।

महाराष्ट्र में चुनाव से पहले हो सकते हैं कई बदलाव

महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनावों से पहले पार्टी राज्य में बड़े स्तर पर संगठन में बदलाव कर सकती है। इस बार विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।


 


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bharatiya Janata Party (BJP), Maharashtra President, Raosaheb Patil Danve
OUTLOOK 16 July, 2019
Advertisement