Advertisement
25 September 2019

पीएम मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ बताने पर जिन्हें गर्व नहीं वो भारतीय नहीं: जितेंद्र सिंह

पीएम मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ बताने पर जिन्हें गर्व नहीं वो भारतीय नहीं: जितेंद्र सिंह | File Photo

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को एक विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘जो लोग डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ बताने पर गर्व नहीं कर सकते, वे खुद को भारतीय नहीं कह सकते।‘ उनका यह बयान तब आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें फादर ऑफ नेशन कहा था।

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘विदेश में रहनेवाले लोग आज अपने भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं। यह तब हो रहा है जब प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व और उनके व्यक्तिगत व्यवहार से देश का सम्मान बढ़ रहा है। यह पहली बार है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारतीय प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है लेकिन विश्व के अन्य नेताओं और जिन्हें इस शब्द पर गर्व नहीं होता है वे खुद को भारतीय नहीं कह सकते हैं।‘

हम उन्हें फादर ऑफ इंडिया पुकारेंगे: ट्रंप

Advertisement

ट्रंप ने न्यूयार्क में मंगलवार को पत्रकारों से कहा था, ‘भारत की स्थिति पहले बहुत ही जर्जर थी और प्रधानमंत्री मोदी ने नया भारत बनाने के लिए बेहतर काम किया। मैं भारत को पहले दयनीय देश के रुप में याद करता था। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और आंतरिक समस्याओं के खिलाफ बेहतर तरीके से लड़ाई लड़ी। उन्होंने एक पिता की भांति सभी को एकजुट किया। हम उन्हें फादर ऑफ इंडिया के रुप में पुकारेंगे। मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतर काम किया है।‘

हाउडी मोदी में 50 हजार लोगों को मोदी ने संबोधित किया था

ट्रंप का यह बयान तब आया था जब 22 सितंबर को ह्यूस्टन में हाउडी मोदी कार्यक्रम में करीब 50 हजार की संख्या में भारतीय मूल के लोग इकट्‌ठा हुए थे। इसमें डेमोक्रेट के नेता स्टेनी हॉयर ने मोदी का स्वागत किया था। उन्होंने इस दौरान महात्मा गांधी और प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु के दृष्टिकोण की तारीफ की थी। दोनों नेताओं के खिलाफ भाजपा के नेता समय-समय पर विवादित टिप्पणी करते रहे हैं। ह्यूस्टन में इस कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही गृहमंत्री अमित शाह ने पीओके के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु को जिम्मेदार ठहराया था। वहीं, साध्वी प्रज्ञा सिंह ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी की संज्ञा दी थी।

TAGS: Modi, India's father, jitendra Singh
OUTLOOK 25 September, 2019
Advertisement