Advertisement
19 June 2019

मारपीट और गोली चलाने के आरोप में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का बेटा और भतीजा गिरफ्तार

File Photo

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल और भतीजे को मारपीट और एक शख्स को गोली मारने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में 12 नामजद और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पटेल के भाई और विधायक जालम सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे-भतीजे को जबरन फंसाया गया है।

मारपीट के बाद चली गोली

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौट रहे दो लोगों का केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल से विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हुई और गोली भी चली, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति को जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि नौनी निवासी हिमांशु राठौर ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि 17 जून को वह अपने साथी राहुल राजपूत के साथ ग्राम कमोद स्थित प्रखर गार्डन में एक शादी में आया था।

Advertisement

विधायक का दावा, प्रबल-मोनू को फंसाया गया

बाइक से लौटते समय बैलहाई गांव में रात करीब साढ़े 11 बजे सुरेंद्र राय के घर के सामने प्रबल पटेल, दुर्गेश पटेल, सौरभ पटेल और उनके साथियों ने गालियां दीं और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद दोनों को प्रबल और उसके साथी अलग-अलग बाइक से किसी स्थान पर ले गए और फिर मारपीट की। इसके बाद गोली भी चलाई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

दूसरी तरफ, प्रह्लाद पटेल के भाई और विधायक जालम सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रबल और मोनू के गोटेगांव से बाहर होने का दावा किया और कहा कि दोनों को बेवजह फंसाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Union Minister, Prahlad Patel, son, murder
OUTLOOK 19 June, 2019
Advertisement