Advertisement
08 September 2017

विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा दो उप मुख्यमंत्रियों समेत भाजपा के चार उम्मीदवार आज विधान परिषद के उपचुनाव में निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

उपचुनाव में पीठासीन अधिकारी तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने समाचार एजेंसी पीटीआई ‘भाषा’ को बताया कि उपचुनाव में नाम वापसी के लिये तय समय तीन बजे समाप्त होने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉक्टर दिनेश शर्मा तथा परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इनके खिलाफ किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था।

मुख्यमंत्री योगी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सपा सदस्यों क्रमशः यशवंत सिंह तथा बुक्कल नवाब द्वारा छोड़ी गयी सीटों के उपचुनाव में निर्वाचित हुए हैं। इन दोनों का कार्यकाल आठ जुलाई 2022 तक होगा। वहीं एक अन्य उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सपा सदस्य अशोक बाजपेयी द्वारा तथा परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा छोड़ी गयी सीट के उपचुनाव में जीत हासिल की है। इन दोनों का कार्यकाल जनवरी 2021 तक होगा।योगी भी पूर्व मुख्यमंत्रियों मायावती और अखिलेश यादव की तरह उच्च सदन के सदस्य चुने गये हैं।

Advertisement

विधान परिषद की पांचवीं सीट पर भी भाजपा के प्रत्याशी वक्फ राज्य मंत्री मोहसिन रजा का निर्वाचन लगभग तय है। इस सीट के लिये नामांकन की अवधि कल समाप्त हो चुकी है और उनके खिलाफ किसी ने भी पर्चा नहीं भरा है। आज जांच में उनका नामांकन भी वैध पाया गया। राज्यमंत्री मोहसिन रजा बसपा सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह द्वारा रिक्त की गयी सीट पर राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। सिंह का कार्यकाल पांच मई 2018 को खत्म हो रहा था। इस सीट पर नाम वापसी की आखिरी तारीख 11 सितम्बर है। उम्मीद है कि उसी दिन रजा को भी निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।

TAGS: CM Yogi adityanath, elected for, up legislative council, MLC
OUTLOOK 08 September, 2017
Advertisement