Advertisement
03 November 2017

बीजेपी पर वीरभद्र का वार, बोले- इनकी सबसे बड़ी उपलब्धि ‘ईज ऑफ डूइंग करप्शन’

File Photo

हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को होने वाली वोटिंग की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है राजनेताओं में वार-पलटवार तेज होता जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक के बाद एक ट्विट कर भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम सिंह धूमल पर हमला बोला है।

हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को ट्विट कर प्रेम सिंह धूमल पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विट किया, धूमल जी, आप और बीजेपी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की बात करते हो, जिसपर मुझे हंसी आ रही है। आखिरी बार मैंने जब देखा तो आपके अपने बेटे ही बेल पर बाहर हैं। उन्होंने कहा कि आपकी पार्टी की सबसे बड़ी उपलब्धि ‘ईज ऑफ डूइंग करप्शन’ है। अमित शाह के बेटे पर भी जादू से 16000 गुना कारोबार बढ़ाने का आरोप है।

इस दौरान वीरभद्र ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी असली विकास से डर रही है, हिमाचल प्रदेश आज विकास में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान मेरे ऊपर पर्सनल अटैक करना ही बीजेपी का मेन एजेंडा है। हमें नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी ने मेरी बेटी, हिमाचल की बेटी की शादी के दिन ही सीबीआई रेड पड़ी थी।

Advertisement

बता दें कि गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली में वीरभद्र सिंह पर वार किया था। उन्होंने रैली के दौरान कहा था कि इस चुनाव में कांग्रेस की हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी, उनके पास कुछ नहीं बचा है। चारों तरफ से जनता कांग्रेस की सफाई कर रही है, फिर भी कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की बात कर रही है, जबकि उसके सीएम खुद भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे हैं।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के लिए विधानसभा चुनाव मतदान 9 नवंबर को होगा। 68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर थी। हिमाचल प्रदेश में सभी 7,521 मतदान केंद्रों पर VVPAT वाली वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा और सभी पोलिंग बूथों की वीडियोग्राफी होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Virbhadra singh, attack, BJP Govt
OUTLOOK 03 November, 2017
Advertisement