Advertisement
21 June 2023

योग को पुर्नजीवित करने और लोकप्रिय बनाने में सरकार सहित सभी का धन्यवाद करना चाहिए: कांग्रेस से थरूर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कांग्रेस पार्टी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद किया और योग को लोकप्रिय बनाने में योगदान देने के लिए उनका धन्यवाद किया। इधर, कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि हमें भारत सरकार सहित हर उस प्रयास का आभार व्यक्त करना चाहिए, जिसके कारण आज योग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाया जा रहा है।

बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के बाद साल 2015 से विश्व भर में 21 जून को "अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस" के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में आज, कांग्रेस ने ट्वीट किया और कहा, "इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर, हम पंडित नेहरू को धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने योग को लोकप्रिय बनाने में प्रभावी कदम उठाए और इसे राष्ट्रीय नीति का हिस्सा बनाया।"

पार्टी ने कहा, "आइए हम अपने शारीरिक और मानसिक कल्याण में प्राचीन कला और दर्शन के महत्व की सराहना करें और इसे अपने जीवन में शामिल करने के लिए कदम उठाएं।" इसके साथ कांग्रेस ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री सिर के बल खड़े होकर योग कर रहे हैं।

इस ट्वीट पर शशि थरूर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस को टैग कर लिखा, "बिल्कुल, हमें भारत सरकार सहित उन सभी के योगदानों की सराहना करनी चाहिए, जिनके कारण योग वापिस ज़िंदा हो सका और इसे लोकप्रिय बनाया गया।" इस ट्वीट के माध्यम से थरूर ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग किया।

Advertisement

उन्होंने कहा, "जैसा कि मैंने दशकों से तर्क दिया है, योग दुनिया भर में हमारी सॉफ्ट पावर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे मान्यता प्राप्त होते देखना बहुत अच्छा है।" योग के अंतर्राष्ट्रीय दिवस का उद्देश्य योग के अभ्यास के कई लाभों के बारे में दुनिया भर में जागरूकता बढ़ाना है। इसकी सार्वभौमिक अपील को स्वीकार करते हुए, दिसंबर 2014 में, संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: International Yoga Day, popularised yoga, Shashi Tharoor
OUTLOOK 21 June, 2023
Advertisement