Advertisement
12 December 2018

कौन होगा राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री, शाम को हो सकता है ऐलान

File Photo

राजस्थान में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को शिकस्त दी है। यहां वह 99 सीटों पर जीत के साथ बहुमत के जादुई आंकड़ों के साथ सरकार बनाने की तैयारी में है। अब सबकी निगाहें राज्य के मुख्यमंत्री पर है कि राजस्थान में कांग्रेस का सीएम चेहरा कौन होगा। इसका फैसला आज शाम तक हो जाएगा। अशोक गहलोत और सचिन पायलट में से कौन सीएम की कुर्सी पर बैठेगा इसके लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो चुकी है।

इस संबंध में बुधवार की सुबह जयपुर स्थित कांग्रेस दफ्तर में विधायक दल की बैठक हो चुकी है। इस बैठक में कांग्रेस के तमाम जीते हुए विधायक मौजूद रहे। जिन्होंने सीएम फेस को लेकर चर्चाएं कीं। वहीं, कांग्रेस दफ्तर पहुंचे पीसीसी चीफ सचिन पायलट ने कहा कि शाम को गवर्नर कल्याण सिंह से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। साथ ही पायलट ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने आशीर्वाद दिया है। भाजपा को नकारा है।

सीएम का फैसला आलाकमान करेगा: गहलोत

Advertisement

जयपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म हो चुकी है। इस बैठक में विधायकों से उनके नेता के नाम पर रायशुमारा किया गया, जिसमें पार्टी महासचिव अशोक गहलोत ने एक लाइन का प्रस्ताव रखा कि सीएम का फैसला आलाकमान करेगा, वहीं सीपी जोशी ने भी गहलोत के प्रस्ताव का समर्थन किया।

 

शाम सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे: पायलट

 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है कि आज शाम को राज्यपाल से मिलकर हम सब सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शाम सात बजे राज्यपाल कल्याण सिंह से कांग्रेस नेता मिलेंगे और विधायकों का समर्थन पत्र सौंपेंगे। जाहिर है शाम तक सीएम के नाम पर भी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

 

भाजपा के कुशासन से पीड़ित राज्य की जनता ने उसे सजा दी

 

पार्टी के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा था कि भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से पीड़ित राज्य की जनता ने उसे सजा दी है। उन्होंने कहा कि अब नयी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी।पायलट ने कहा कि विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी को जनता ने उनके पार्टी अध्यक्ष चुने जाने की पहली सालगिरह पर एक तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा इसका फैसला विधायक दल और पार्टी नेतृत्व करेगा। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कहा है कि मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।

 वसुंधरा राजे ने दिया इस्तीफा

 

चुनाव में पार्टी की हार के बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार रात लगभग सवा आठ बजे राजभवन में राज्यपाल कल्याण सिंह से मिलीं और अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया। बाद में जारी एक बयान में वसुंधरा ने कांग्रेस को जीत की बधाई देते हुए कहा, 'जनादेश सर आंखों पर'।

 

कांग्रेस के सचिन पायलट सहित सभी प्रमुख नेता जीते

 

वहीं, परिणाम की बात करें तो कांग्रेस के सचिन पायलट सहित सभी प्रमुख नेता चुनाव जीते हैं। हालांकि झालरापाटन पर मानवेंद्र सिंह हार गए। यहां से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे लगातार पांचवीं बार जीतीं। इसी तरह कांग्रेस के वरिष्ठ जाट नेता व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी नोखा सीट पर हार गए।

 

राजे सरकार में कद्दावर रहे कई मंत्री हारे

 

जहां तक बीजेपी का सवाल है तो मुख्यमंत्री राजे के साथ उनके गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ, पंचायत राज मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ व उच्च शिक्षा मंत्री किरण महेश्वरी जीत गए हैं, लेकिन वसुंधरा राजे सरकार में कद्दावर रहे कई मंत्री विधानसभा चुनाव हार गए हैं।

 

इनमें परिवहन मंत्री युनूस खान, खान मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, जल संसाधन मंत्री डॉ रामप्रताप, गोपाल मंत्री ओटाराम देवासी, कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी, सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक व खान मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, सामाजिक न्याय व आधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी हैं।

 

बहुमत का जादुई आंकड़ा 101 का

 

राज्य की 200 सीटों की विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 101 का है। फिलहाल 199 सीटों पर चुनाव हुआ है जबकि बसपा प्रत्याशी के निधन के चलते रामगढ सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: next chief minister, Rajasthan, announce in the evening, Sachin Pilot, Ashok Gahlot
OUTLOOK 12 December, 2018
Advertisement