Advertisement
19 March 2017

योगी ने दिया मंत्रिमंडल में पूर्वांचल को प्राथमिकता

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की नजर पूर्वांचल पर थी और इस क्षेत्र से 17 मंत्री कैबिनेट में शामिल किए गए हैं। कैबिनेट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से 12 और मध्य हिस्से से 11 विधायक शामिल किए गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि 2019 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य में पार्टी को नये वोट बैंक की तलाश है।

संतुलन की सबसे बडी मिसाल दो उप मुख्यमंत्री हैं। योगी ने अपनी मदद के लिए पिछडी जाति से केशव प्रसाद मौर्य और ब्राहमण दिनेश शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया है। टीम योगी में तीन दलित चेहरे हैं जबकि उच्‍च जातियों से 26 मंत्री हैं। शेष अन्य पिछड़े वर्ग के हैं। दलित समाज से आने वाले एस पी सिंह बघेल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। बुंदेलखंड क्षेत्र से स्वतंत्र देव सिंह को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। वह विधानमंडल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। ललितपुर जिले के मेहरोनी से जीतकर आये मन्नू कोरी को भी मंत्री बनाया गया है।

भाजपा ने 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में एक भी मुसलमान प्रत्याशी नहीं उतारा था। लेकिन मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर से नेता बने मोहसिन रजा को राज्य मंत्री बनाया है। रजा अभी ना तो विधानसभा ना ही विधान परिषद के सदस्य हैं। उन्हें संभवत: अल्पसंख्यक मसले, हज और वक्फ मंत्रालयों को देखने के लिए शामिल किया गया है। इन मंत्रालयों का प्रभार कभी किसी गैर..मुस्लिम के हाथ नहीं रहा। एक ओर अन्य पिछड़े वर्ग  और अति पिछड़े वर्ग को साथ लेकर चले योगी ने यह भी सुनिश्चित किया कि भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले उंची जातियां अलग थलग नहीं पड़ने पाये। अक्सर टेलीविजन की चर्चाओं में नजर आने वाले श्रीकांत शर्मा और सिद्धार्थनाथ सिंह को भी कैबिनेट में जगह दी गयी है। शर्मा मथुरा से तो सिंह इलाहाबाद पश्चिम से चुनाव जीतकर आये हैं।

Advertisement

अन्य दलों को छोडकर भाजपा में आये नेताओं को भी मंत्री पद दिया गया है। इनमें स्वामी प्रसाद मौर्य, रीता बहुगुणा जोशी, ब्रजेश पाठक, दारा सिंह चौहान और नंद गोपाल नंदी शामिल हैं। इन सभी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: योगी आदित्‍यनाथ, पूर्वांचल, उत्‍तर प्रदेश, भाजपा
OUTLOOK 19 March, 2017
Advertisement