Advertisement
16 July 2024

गोवा: पुर्तगाली शासनकाल में नष्ट मंदिरों का बनेगा स्मारक! विशेषज्ञ पैनल ने की ये शिफारिश

एक विशेषज्ञ समिति ने पुर्तगाली शासनकाल के दौरान नष्ट किए गए मंदिरों के लिए गोवा में एक स्मारक और राज्य के प्राचीन विरासत मंदिरों की झलक प्रदर्शित करने के लिए एक संग्रहालय के निर्माण की सिफारिश की है। समिति की रिपोर्ट विधानसभा में पेश की गई। रिपोर्ट में समिति ने दावा किया है कि पुर्तगाली शासकों ने गोवा में एक हजार से अधिक मंदिरों को नष्ट कर दिया था।

गोवा के पुरातत्व मंत्री सुभाष फल देसाई ने सोमवार को सदन में कहा कि उनका विभाग स्मारक के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल देख रहा है। उन्होंने एक अतारांकित प्रश्न के उत्तर के तहत, पुर्तगाली शासन के दौरान नष्ट किए गए मंदिरों के पुनर्निर्माण के लिए विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत की।

उन्होंने कहा, ‘‘विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के अनुसार, विभाग आगे के शोध को सुविधाजनक बनाने को संबंधित पुस्तकों के अंग्रेजी में अनुवाद के लिए गोवा गजेटियर और ऐतिहासिक अभिलेख विभाग के साथ संपर्क में है।’’

वर्ष 2023 में गठित समिति की रिपोर्ट में सिफारिश की गई है कि ‘‘पूर्व-पुर्तगाली शासनकाल में गोवा में बड़ी संख्या में मंदिरों को पुर्तगालियों द्वारा नष्ट किए गए जाने को ध्यान में रखते हुए, पुराने पुर्तगाली विजय क्षेत्र में किसी भी स्थान पर एक मंदिर स्मारक (स्मारक देवालय) का निर्माण किया जाना चाहिए ...।’’

Advertisement

समिति ने यह भी कहा कि गोवा की समृद्ध मंदिर संस्कृति से संबद्ध गांवों के आसपास पुरातात्विक साक्ष्य और अवशेष बिखरे पड़े हैं।‘‘ इन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हम आधुनिकीकरण की प्रक्रिया में अपनी पुरानी मंदिर विरासत को तेजी से खो रहे हैं।’’

यह भी सिफारिश की गई है कि राज्य सरकार गोवा के मंदिरों के बारे में अनुसंधान कार्य करने के वास्ते शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों को प्रोत्साहित करने के लिए छोटी और बड़ी परियोजनाएं शुरू करने की योजनाएं तैयार कर सकती है।

मंत्री ने कहा कि उनके विभाग ने जूनियर और सीनियर स्तर पर पुरातत्व अनुसंधान फेलोशिप योजना भी शुरू की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Goa, Destroyed hindi temples in goa, Portuguese rule, Goa under Portuguese rule, BJP
OUTLOOK 16 July, 2024
Advertisement