Advertisement
06 September 2024

गुजरात: क्रिकेटर रवींद्र जडेजा भाजपा में शामिल हुए

क्रिकेटर रवींद्र जडेजा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उनकी पत्नी एवं पार्टी विधायक रिवाबा जडेजा ने यह जानकारी दी। रिवाबा ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में ‘‘सदस्यता अभियान 2024’’ हैशटैग के साथ जडेजा के सदस्यता कार्ड की तस्वीरें साझा कीं।

रिवाबा ने संवाददाताओं से कहा कि क्रिकेटर जडेजा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी की सदस्यता ली। यह सदस्यता अभियान मोदी ने दो सितंबर को नयी दिल्ली में अपनी सदस्यता के नवीनीकरण के साथ शुरू किया था।

भारत के अनुभवी क्रिकेटर ने इस साल जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से संन्यास की घोषणा की थी।

रिवाबा कहा, ‘‘पिछले कुछ सालों में एक बड़ा बरगद का पेड़ बन गई भाजपा आखिरकार अपने सदस्यता अभियान के जरिए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। दूसरों को पार्टी में शामिल होने के लिए कहने से पहले, अपने परिवार से शुरुआत करना बेहतर है। इससे दूसरे लोग भी ऐसा करने के लिए सहमत हो जाएंगे। इसलिए, मैंने जामनगर में सदस्यता अभियान शुरू करने के लिए सबसे पहले भाजपा के प्राथमिक सदस्य के रूप में अपने पति का नाम लिखवाया।’’

Advertisement

रिवाबा 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं। राज्य में 2022 के विधानसभा चुनावों में जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 50,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Gujarat, Ravindra Jadeja, Ravindra Jadeja BJP, Ravindra Jadeja political career, Indian cricket team
OUTLOOK 06 September, 2024
Advertisement