Advertisement
10 July 2024

कर्नाटक: राहुल गांधी पर भाजपा विधायक का विवादित टिप्पणी, मामला दर्ज

कर्नाटक: राहुल गांधी पर भाजपा विधायक का विवादित टिप्पणी, मामला दर्ज

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भरत शेट्टी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंगलुरु शहर पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि मंगलुरु नगर निगम के कांग्रेस पार्षद के. अनिल द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद कवूर थाने में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

कांग्रेस पार्षद ने शिकायत में आरोप लगाया कि विधायक भरत शेट्टी ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए एक भड़काऊ बयान दिया था।अग्रवाल ने कहा कि मामले की जांच जारी है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करने को लेकर भाजपा विधायक शेट्टी पर निशाना साधना जारी रखा।

भाजपा विधायक ने रविवार को सुरथकल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कथित तौर पर कहा था कि नेता विपक्ष राहुल गांधी को ‘‘संसद के अंदर गिरफ्तार कर थप्पड़ मारे जाने चाहिए’’। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो गया और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बयान को लेकर मीडिया व सोशल मीडिया मंचों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

Advertisement

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष मंजूनाथ भंडारी ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक पर कटाक्ष किया और पूछा, “वे संसद में कैसे प्रवेश करेंगे? क्या वह नेता विपक्ष पर हमला करने के लिए हथियार लेकर जाएंगे? क्या शेट्टी आतंकवादी हैं?”

उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि भरत शेट्टी कांग्रेस पार्टी के एक आम कार्यकर्ता से सीधे बात भी नहीं कर सकते और राहुल गांधी से भिड़ना तो दूर की बात है।” भंडारी ने भाजपा नेताओं और विधायकों के राहुल गांधी पर भड़कने का मुख्य कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस नेता को ‘‘बालक बुद्धि’’ करार दिया जाना बताया।

उन्होंने कहा कि इस शब्द को सदन की कार्यवाही से ‘‘हटाया’’ जाना चाहिए। भंडारी ने कहा कि हाल के दिनों में दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा विधायकों के व्यवहार के कारण ‘‘हमें तटीय क्षेत्र से विधायक चुनने में शर्म आ रही है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में कांग्रेस सरकार की उपस्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसलिए वह दंगों की साजिश रच रही है।

TAGS: Bharat Shetty, Bharat Shetty controversial statement, Rahul Gandhi, BJP, Congress, Karnataka
OUTLOOK 10 July, 2024
Advertisement