Advertisement
08 December 2020

दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल को किया नजरबंद, आम आदमी पार्टी का आरोप

सरकार ने केजरीवाल को किया नजरबंद, आम आदमी पार्टी का आरोप

किसान आंदोलन के बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। आप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसे लेकर ट्वीट किया गया है। बता दें कि केजरीवाल ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आज के भारत बंद का समर्थन किया है। वहीं पुलिस ने आप के आरोपों का खंडन किया है।

आप ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली पुलिस ने सीएम अरविंद केजरीवाल को सिंधु बॉर्डर से आने बाद से ही घर में नजरबंद कर दिया है।' पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'जब से केजरीवाल सिंधु बॉर्डर से किसानों से मिलकर लौटे हैं तब से उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल के घर के चारों तरफ बैरीकेड लगा दिया है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद उनको नजरबंद वाली स्थिति में रखा गया है।'

वहीं उत्तरी दिल्ली के डीसीपी एंटो अल्फोंस ने कहा कि आप और किसी अन्य पार्टी के बीच टकराव से बचने के लिए यह सामान्य तैनाती है। मुख्यमंत्री को नज़रबंद नहीं किया गया है।

Advertisement

बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को हरियाणा-दिल्ली सीमा पर स्थित सिंधु बॉर्डर पर अपनी पूरी कैबिनेट के साथ किसानों से मिलने पहुंचे थे। केजरीवाल के साथ डेप्युटी सीएम मनीष सिसोदिया भी किसानों को आश्वासन दे रहे थे। केजरीवाल ने किसानों से मुलाकात कर वहां की सुविधाओं का जायजा लिया और किसानों से कहा कि उनकी सरकार किसानों की सेवादार है।

TAGS: Arvind Kejriwal, Bharat Bandh, farmers protest, farm laws, अरविंद केजरीवाल, किसान आंदोलन, दिल्ली, कृषि कानून, भारत बंद, आम आदमी पार्टी
OUTLOOK 08 December, 2020
Advertisement