Advertisement
07 May 2024

चुनाव के बीच केरल के मुख्यमंत्री का विदेश यात्रा, भाजपा और कांग्रेस ने शुरू किया हमला

भाजपा और कांग्रेस ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के विभिन्न विदेशी गंतव्यों की यात्रा पर रवाना होने के एक दिन बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना हमला तेज कर दिया। दोनों दलों ने मुख्यमंत्री से इस पर जवाब मांगते हुए पूछा है कि क्या यह एक प्रायोजित यात्रा है।

पार्टियों ने विजयन से आग्रह किया कि वे अपने अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए आय के स्रोत का खुलासा करें। इसके अलावा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पर अपनी जिम्मेदारियों से बचने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री ऐसे समय में विदेश यात्रा पर निकले हैं जब देश में महत्वपूर्ण आम चुनाव चल रहे हैं और राज्य गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा है।

कांग्रेस के अलावा भाजपा ने सवाल किया कि यात्रा का प्रायोजक कौन है और मुख्यमंत्री विजयन तथा उनके दामाद एवं लोक निर्माण मंत्री पी . ए मोहम्मद रियास ने अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियां किसी को क्यों नहीं सौंपीं? विजयन पर कड़ा प्रहार करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता वी मुरलीधरन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनका परिवार समुद्र तट पर ऐसे समय में जश्न मना रहे हैं जब केरल में चिलचिलाती गर्मी में लोग मर रहे हैं।

Advertisement

मुरलीधरन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘अगर यह एक प्रायोजित यात्रा है, तो वे लोगों को बताएं कि इसे कौन प्रायोजित कर रहा है।’’ प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के. सुधाकरन ने भी यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री की आलोचना की और यह जानना चाहा कि वह अपने परिवार के सदस्यों को अपने साथ क्यों ले जा रहे हैं? हालांकि, माकपा के दिग्गज और एलडीएफ संयोजक ईपी जयराजन ने विपक्ष की आलोचना को खारिज कर दिया। बढ़ते विवाद के बीच उन्होंने मुख्यमंत्री का समर्थन किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मुख्यमंत्री विजयन एक ऐसे व्यक्ति हैं जो हर मामले में नियमों का सख्ती से पालन करते हैं। उन्होंने वर्तमान विदेश दौरे के मामले में भी किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया।" मुख्यमंत्री विजयन अपने परिवार के सदस्यों के साथ सोमवार तड़के कोच्चि के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विदेशी दौरे के लिए रवाना हुए। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री और उनका परिवार खाड़ी देशों देशों का दौरा करेगा। यह दौरा दो सप्ताह से अधिक लंबा होगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pinarayi Vijayan, Kerala CM foreign trip, CPI, BJP, Congress, Loksabha election 2024
OUTLOOK 07 May, 2024
Advertisement