Advertisement
15 September 2021

बिहार: रेप केस में फंसे प्रिंस राज, एफआईआर में नाम आने पर क्या बोले चिराग

लोजपा नेता अध्यक्ष चिराग पासवान

राजधानी दिल्ली में लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद प्रिंस राज के खिलाफ रेप से जुड़े एक मामले में लोजपा नेता चिराग पासवान का बयान सामने आया है। बुधवार को उन्होंने इस मामले में कहा, ' मैंने दोनों पक्षों की बात सुनीं थी और उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह दी थी। मैं आज भी इसके पक्ष में हूं कि पीड़ित को न्याय मिले।'

चिराग ने अपना बयान में कहा, "जो दोषी है उसे सजा मिलनी चाहिए। एफआईआर में मेरा नाम आया है जहां कहा गया है कि मेरी जानकारी में था। मैं तो कह ही रहा हूं कि मेरी जानकारी में था। मैं पहला व्यक्ति हूं जिसने सलाह दी कि ये आपराधिक मामला है इसलिए पुलिस में जाना चाहिए।"

ये भी पढ़ें - दिल्ली में लोजपा सांसद प्रिंस राज पासवान के खिलाफ रेप मामले में एफआईआर दर्ज

Advertisement

 

बता दें कि प्रिंस राज पासवान लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान के चचेरे भाई हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पासवान के भतीजे हैं। पीड़िता द्वारा कुछ वक्त पहले दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। पीड़िता के मुताबिक, वह लोजपा की कार्यकर्ता थी। पीड़िता द्वारा आरोप लगाया गया था कि बेहोशी के हालत में उसके साथ शोषण किया गया था।

प्रिंस राज पासवान द्वारा भी इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, जहां उन्होंने पीड़िता पर गलत आरोप लगाने की बात कही थी। प्रिंस राज पासवान बार-बार इन आरोपों का खंडन करते रहे हैं। चिराग पासवान और पशुपति पारस पासवान के बीच जब पार्टी को लेकर खींचतान चल रही थी, तब चिराग पासवान ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का जिक्र भी किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला काफी पुराना है और प्राथमिकी कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई है। पीड़‍िता काफी लंबे समय से दिल्‍ली के थानों का चक्‍कर लगा रही थी। इस बाबत उसने कई बार इंटरनेट मीडिया और समाचार संगठनों के जरिए आरोप लगाया था कि राजनीतिक प्रभाव के चलते पुलिस उसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है। वह कई टीवी डिबेट में भी शामिल हो चुकी है। उसने खुद बताया था कि वह प्रिंस राज के साथ लंबे समय तक रही है। दिल्‍ली की यह लड़की लोकसभा चुनाव के दौरान प्रिंस के समर्थन में प्रचार करने के लिए समस्‍तीपुर भी आई थी।

TAGS: प्रिंस राज पासवान, चिराग पासवान, लोक जन शक्ति पार्टी, रेप केस, Prince Raj Paswan, Chirag Paswan, Lok Jan Shakti Party, Rape Case
OUTLOOK 15 September, 2021
Advertisement