Advertisement
10 November 2020

मध्यप्रदेश चुनाव परिणाम: भाजपा पांच पर जीती, 14 पर आगे, कांग्रेस का एक सीट पर कब्जा

ANI

मध्य प्रदेश उपचुनाव में भाजपा पांच सीटों पर जीत गई जबकि 14 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने एक सीट पर कब्जा किया है और वह सात सीटों पर आगे चल रही है। अभी तक चार सीटों के नतीजे आ गए हैं। एक सीट पर बसपा ने बढ़त बना रखी है।

मांधाता सीट पर भाजपा के नारायण पटेल ने कांग्रेस के उत्तमपाल सिंह को 22 हजार से अधिक मतों से शिकस्त देकर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। इसके अलावा भाजपा 20 सीटों पर महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए है। 6 सीटों पर कांग्रेस आगे है और एक सीट मुरैना में बसपा प्रत्याशी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

मुरैना में बसपा के रामप्रकाश राजौरिया दस हजार से अधिक मतों से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह से आगे है।  जौरा में भाजपा प्रत्याशी सूबेदार सिंह राजौधा कांग्रेस के पंकज उपाध्याय से 11 हजार से अधिक मतों से आगे हैं। अंबाह में भी भाजपा प्रत्याशी कमलेश जाटव कांग्रेस के सत्यप्रकाश सखबार से आगे हो गए हैं। हालाकि सुमावली में मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी ऐदल सिंह कंसाना अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह से 17 हजार से अधिक मतों से पीछे हैं। दिमनी में कांग्रेस के रविंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रत्याशी एवं मंत्री गिर्राज डंडोतिया से छह हजार से अधिक मतों से आगे हैं।

Advertisement

बता दें कि 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान 03 नवंबर को हुआ था और कुल 63 लाख 67 हजार से अधिक मतदाताओं में से औसतन 70़ 27 प्रतिशत वोट डाले गए थे। मतगणना पूर्ण होने पर 12 मंत्रियों समेत कुल 355 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। कुल 28 सीटों में से 25 पर संबंधित विधायकों के त्यागपत्र और 03 अन्य पर विधायकों के निधन के कारण उपचुनाव हुआ है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों के अनुसार इन 28 सीटों में से 27 पर कांग्रेस का और एकमात्र आगर सीट पर भाजपा का कब्जा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Madhya Pradesh, election, result, BJP, Congress
OUTLOOK 10 November, 2020
Advertisement