Advertisement
01 October 2020

यूपी में अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों पर हो रहा अत्याचार: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में कथित दुष्कर्म की घटना पर योगी सरकार पर निशाना साधा है। वहीं पीड़िता के शव को परिजनों की अनुमति के बिना जलाने पर भी उन्होंने निंदा की है।

ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि 'उत्तर प्रदेश में न केवल पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसके शरीर को जला दिया गया। अगर कोई अपराध हुआ है तो पुलिस को जांच करनी चाहिए। यह किस प्रकार का नियम है? कभी अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होता है, कभी 'दलितों' पर अत्याचार होता है और कभी 'आदिवासियों' पर अत्याचार होता है।' 


वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हाथरस (उत्तर प्रदेश) में कथित सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के लिए न्याय की मांग की।

Advertisement

बता दें कि हाथरस जिले के चंदपा थाने क्षेत्र के एक गांव में पिछले 14 सितंबर को मवेशियों के लिए चारा लेने खेत गई 19 वर्षीय दलित लड़की को गांव के ही चार युवकों ने कथित तौर पर अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया था।  इस दौरान युवती के गर्दन की हड्डी टूट गई थी। 

लड़की को पहले अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, उसके बाद हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह पीड़िता की मौत हो गई थी। इसके बाद पीड़िता के शव को देर रात परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रशासन द्वारा जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना म बाद देश भर में आक्रोश है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: यूपी, ममता बनर्जी, हाथरस, योगी सरकार, Mamta Banerjee Yogi government, Hathras case
OUTLOOK 01 October, 2020
Advertisement