Advertisement
12 December 2019

झारखंड विधानसभा चुनावः तीसरे चरण की 17 सीटों पर 62.6 फीसदी वोटिंग

File Photo

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 62.6 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस चरण में आठ जिलों की 17 सीटों पर 309 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। इनमें 32 महिलाएं हैं। इन 17 सीटों में से 10 पर फिलहाल सत्ताधारी भाजपा का कब्जा है।

इस चरण में रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्टा में मतदान शाम 5 बजे तक हुआ। वहीं, अन्य 12 सीटों पर वोटिंग शाम 3 बजे ही खत्म हो गई। तीसरे चरण में सिल्ली, खिजरी, कोडरमा, बरही, बड़कागांव, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्ठा में वोटिंग हुई।

मरांडी और महतो की किस्मत का फैसला

Advertisement

भाजपा से अलग होकर मैदान में उतरी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) के लिए यह चरण काफी अहम है। तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सीपी सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।  

शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए राज्य में 35000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अपना वोट एटीआई रांची में, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) अध्यक्ष सुदेश महतो ने अपनी पत्नी के साथ सिल्ली में वोट डाला। जयंत सिन्हा ने हजारीबाग में अपना वोट डाला। रांची में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वोट डाला।

10 सीटों पर है भाजपा का कब्जा

2014 के विधानसभा चुनाव में इन 17 सीटों में से भाजपा को 10 , झामुमो को 3 और कांग्रेस को दो  सीटें मिली थीं। सिल्ली सीट के लिए मुकाबला आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो और झामुमो की मौजूदा विधायक सीमा देवी के बीच है। कुछ पर आमने-सामने, कुछ पर त्रिकोणीय तो कुछ पर लड़ाई चार-कोनों से लेकर बहुकोणीय बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनाव में मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है।

TAGS: 61.19, pc, voter, turnout, third, phase, Jharkhand, polls
OUTLOOK 12 December, 2019
Advertisement