Advertisement
04 February 2017

गोवा में 83 और पंजाब में 75 फीसदी वोट पड़े

google

पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पार्टियां भाजपा और कांग्रेस दोनों राज्यों में एक चुनावी मुकाबले में हैं जिसमें अरविंद केजरीवाल नीत आप पहली बार उतरी है। आप दिल्ली के बाहर पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी है। सबकी नजर इस पर रहेगी कि क्या आप दोनों प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों की उम्मीदों पर पानी फेर सकती है।

भाजपा पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन में लगातार दो बार से सत्ता में है जबकि वह गोवा में सरकार में है। गोवा में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा की सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी गठबंधन से हट गई थी। पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होगा। इन तीन राज्यों में चुनाव इस महीने के बाद में शुरू होगा और यह मार्च तक खिंचेगा। इस चुनाव को नोटबंदी के बाद भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की सबसे बड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

पंजाब में मतदान पर्ची देने वाली इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कुछ तकनीकी गड़बड़ी और हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते कुछ समय के लिए मतदान विलंबित हुआ। पंजाब में 2012 में करीब 79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Advertisement

पंजाब में शिअद-भाजपा गठबंधन गत एक दशक से सत्ता में है। आज के मतदान से कई राजनीतिक दिग्गजों के भाग्य का फैसला होगा जिसमें राज्य के 89 वर्षीय मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कैप्टन अमरिंदर सिंह, बादल के पुत्र एवं उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल शामिल हैं।

 

लंबी सीट पर बादल सीनियर का मुकाबला अमरिंदर सिंह से है। इसके साथ ही पटियाला शाही परिवार से आने वाले अमरिंदर अपने गृह नगर से भी चुनाव मैदान में हैं जहां पर उनका मुकाबला पूर्व सेना प्रमुख जेजे सिंह से हैं जो कि शिअद से उम्मीदवार हैं। 

 

कॉमेडियन एवं संगरूर से आप सांसद भगवंत मान जलालाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका मुकाबला सुखबीर सिंह बादल से है। पंजाब में यदि आप सत्ता में आती है तो मान मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवार हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व सीट से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। अमृतसर पूर्व सीट उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र अमृतसर का हिस्सा है।

 

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल (लहरदग्गा), युवा कांग्रेस प्रमुख राजा अमरिंदर सिंह वारिंग (गिद्दरबाहा), बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल जो कि कांग्रेस के टिकट पर बठिंडा शहर से कांग्रेस से उम्मीदवार हैं।

 

गोवा में रिकार्ड 83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान गोवा से कहीं से भी हिंसा की कोई घटना की जानकारी नहीं मिली और ईवीएम और मतदान पर्ची देने वाली ईवीएम बहुत कम तकनीकी गड़बड़ी की सामने आई। 2012 के विधानसभा चुनाव में गोवा में 81.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

 

आज के मतदान से गोवा के वर्तमान मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर सहित पांच पूर्व मुख्यमंत्रिायों के भाग्य का फैसला होगा। रवि नाइक, दिगम्बर कामत, प्रतापसिंह राणे और लुइजिन्हो फलेरो कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। चर्चिल अलेमाओ राकांपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एल्विस गोम्स के भाग्य का भी फैसला होना है। (एजेंसी)

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: पंजाब, गोवा, विधानसभा, चुनाव, मतदान, भाजपा, कांग्रेस
OUTLOOK 04 February, 2017
Advertisement