Advertisement
18 December 2017

गुजरात में नौ फीसदी वोटों का अंतर पाट नहीं पाई कांग्रेस

अब तक आए रुझानों और नतीजों से साफ है कि 22 साल से गुजरात की सत्ता में काबिज भाजपा को बेदखल करने में कांग्रेस अबकी बार भी कामयाब नहीं हुई है। कांग्रेस को उम्मीद थी कि हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवानी के समर्थन से वह नौ फीसदी वोटों का अंतर पाटकर सरकार बनाने में कामयाब रहेगी। पर ऐसा होता नहीं दिख रहा है।

चुनाव आयोग के मुताबिक अब तक जितने वोटों की गिनती हुई है उसमें भाजपा को 48.5 और कांग्रेस को 41.4 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस को 2012 में मिले वोटों से यह करीब 2.5 फीसदी ज्यादा है। 2012 के मुकाबले भाजपा के वोट में भी एक फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है। हालांकि 2017 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले भाजपा के वोट में दस फीसदी से ज्यादा की कमी आई है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी।

2012 के चुनाव आयोग आंकड़ों पर नजर डालें तो गुजरात चुनाव में भाजपा को 47.85 और कांग्रेस को 38.93 प्रतिशत मत मिले थे। दोनों पार्टियों के बीच 8.92 प्रतिशत मतों का अंतर था। 2012 में हुए विधानसभा चुनावों में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग तीन करोड़ 81 लाख थी। इसमें से तब 72.02 प्रतिशत यानी करीब दो करोड़ पचहत्तर लाख लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया था। भाजपा को लगभग एक करोड़ इकत्तीस लाख वोटों के साथ कुल मतों का 47.85 प्रतिशत हासिल हुआ था, जबकि कांग्रेस काे करीब एक करोड़ छह लाख वोटों के साथ 38.93 फीसदी मत मिले थे। 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 115 और कांग्रेस को 61 सीटें मिली थी।

Advertisement

इस बार गुजरात के मतदाताओं की संख्या में 13.75 फीसदी यानी 52 लाख से ज्यादा का इजाफा हुआ। वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार गुजरात में 4.35 करोड़ मतदाता हैं। लेकिन, मतदान चार फीसदी घटकर इस बार 68.05 फीसदी रहा। अब तक जो रुझान आए हैं उससे साफ है कि हार्दिक, अल्पेश और जिग्नेश फैक्टर उतना कामयाब नहीं रहा जितनी कांग्रेस को उम्मीद थी। यही कारण है कि भाजपा 2012 का प्रदर्शन दोहराती दिख रही है। यह राज्य में भाजपा की लगातार छठी जीत होगी।

2012 में जीत का अंतर न्यूनतम था। 2002 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 127 सीटें प्राप्त हुई थी। कांग्रेस को 51 सीटें मिली थी। कांग्रेस को 39.59 और भाजपा को 49.85 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। 2007 विधानसभा चुनावों में भाजपा की सीट में कमी आई। उसे 117 सीटें मिलीं। भाजपा को 49 प्रतिशत मत मिले थे। कांग्रेस को 59 सीटें और 38 फीसदी वोट मिले थे। ये सभी चुनाव नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़े गए थे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुजरात, वोटों का अंतर, भाजपा, कांग्रेस, Gujarat, Vote difference, BJP, Congress
OUTLOOK 18 December, 2017
Advertisement