Advertisement
15 February 2017

अखिलेश बोले, मायावती के झांसे में न आएं

google

मुख्यमंत्री ने उन्नाव के बांगरमउ में सपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में कहा यह पत्थर वाली सरकार भी धोखा देने के लिये तैयार है। आज आपने अखबार में पढ़ा होगा कि हमारी बुआ (मायावती) ने कहा कि हम विपक्ष में बैठेंगे। हम सरकार नहीं बनाएंगे। अभी तो दूसरे चरण का मतदान नहीं खत्म हुआ और वह पहले से ही विपक्ष में बैठने लगीं। याद रखना कि उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना वोट दिलवा दिया था। बहुत सावधान रहना इस पत्थर वाली सरकार की नेता से।

उन्होंने कहा इस पत्थर वाली सरकार के चक्कर में नहीं पड़ना। यह कब किससे समझौता कर ले, कुछ पता नहीं। वह (मायावती) पहले भी (भाजपा के साथ) रक्षाबंधन मना चुकी हैं, क्या पता, कहीं फिर से ना मना लें। मालूम हो कि मायावती ने कल अपनी रैलियों में कहा था कि भाजपा ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई है कि बसपा चुनाव के बाद उसके साथ गठबंधन करके सरकार बनाएगी। दरअसल, बसपा किसी भी दल को ना तो समर्थन देगी और ना ही लेगी। इसके बजाय वह विपक्ष में बैठना पसंद करेगी।

अखिलेश ने कहा मायावती अब पुलिस को भी धोखा दे रही हैं। कह रही हैं कि वह बार्डर वाला मामला खत्म कर देंगी। तुम (मायावती) पर कौन भरोसा करेगा, वह खुद बार्डर वाला मामला लाई थीं, यह पुलिस के लोग जानते हैं। (एजेंसी)

TAGS: अखिलेश, सपा, बसपा, मायावती, उत्तर प्रदेश, विधानसभा, चुनाव
OUTLOOK 15 February, 2017
Advertisement