Advertisement
19 February 2022

विधानसभा चुनाव: यूपी के तीसरे चरण की 59 सीटों और पंजाब की सभी 117 सीटों पर मतदान रविवार को, इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

FILE PHOTO

यूपी के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 और पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर रविवार को मतदान होगा। दोनों ही राज्यों में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। पंजाब में अभी कांग्रेस की सरकार है जबकि उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। यूपी में दो चरणों के बाद जाटलैंड से होते हुए ये राजनीतिक पारा अब यादवलैंड और बुंदेलखंड की ओर पहुंच गया है। इसमें कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक वोट डालें जाएंगे। जबकि, उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। विधानसभा चुनावों की मतगणना 10 मार्च को होगी।

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और करीब 2.14 करोड़ मतदाता 117 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 1,304 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रत्याशियों में 93 महिलाएं भी शामिल हैं। इस बार पंजाब में कांग्रेस, आप, शिअद-बसपा गठबंधन, भाजपा-पीएलसी-शिअद (संयुक्त) और विभिन्न किसान संगठनों की राजनीतिक इकाई संयुक्त समाज मोर्चा के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।

Advertisement

पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस को विभिन्न मुद्दों को लेकर विभिन्न राजनीतिक विरोधियों के तीखे हमलों का सामना करना पड़ा है, जिनमें मादक पदार्थ और भ्रष्टाचार का मुद्दा शामिल है। वहीं, कांग्रेस इन हमलों का मुकाबला मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के 111 दिनों के कार्यकाल में बिजली की दरों और ईंधन की कीमत में कमी जैसे फैसलों से कर रही है। आम आदमी पार्टी (आप) जो सबसे प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरी है, वह शासन के दिल्ली मॉडल को पेश कर सत्ता पर काबिज होने का प्रयास कर रही हे।

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसानों के आंदोलन में शामिल पंजाब के कई किसान संगठन भी ‘संयुक्त समाज मोर्चा’ बनाकर राज्य की विधानसभा चुनाव में उतरे हैं और उन्होंने इसके लिए हरियाणा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) नेता गुरनाम सिंह चढूनी नीत संयुक्त संघर्ष पार्टी के साथ गठबंधन किया है। चुनाव में चर्चित चेहरे जिनकी चुनावी किस्मत दांव पर लगी है उनमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा भगवंत मान, कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल प्रमुख हैं।

यूपी के तीसरे चरण के दौरान 59 विधानसभा सीटों के लिए 627 उम्मीदवार मैदान में हैं। तीसरे चरण में 2.15 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें से 1.16 करोड़ पुरुष, 99.6 लाख से अधिक महिलाएं और 1,096 तृतीय लिंग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। 15,553 मतदान केंद्रों पर स्थित 25,741 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला भी इस चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 77, शिअद-भाजपा गठबंधन को 18, आप को 20 सीटें मिली थीं जबकि दो सीटें लोक इंसाफ पार्टी के खाते में गई थीं।

वहीं यूपी विधानसभा चुनाव में राज्य के 16 जिलों के 59 निर्वाचन क्षेत्रों में तीसरे चरण के लिए रविवार को मतदान होगा। निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मतदान रविवार सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा और चुनाव आयोग ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है कि मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते समय किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

तीसरे चरण में राज्य के 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट भी शामिल है, जहां सत्तारूढ़ भाजपासे केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आमने-सामने हैं। मैनपुरी जिले के साथ ही हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

वर्ष 2017 में भाजपा ने तीसरे चरण की 59 सीटों में से कुल 49 सीटें जीती थीं जबकि सपा को सिर्फ नौ सीटों से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस को एक सीट मिली थी, जबकि बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी। 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होनी है, यहां करीब दो करोड़ 15 लाख 75 हजार 400 वोटर हैं। जिसमें एक करोड़ 16 लाख 12 हजार 10 पुरुष, 99 लाख, 62 हजार 324 महिला और एक हजार 96 ट्रांसजेंडर हैं।

यूपी के हाथरस (सु.), सादाबाद, सिकन्दराराऊ, टूण्डला (सु.), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमापुर, पटियाल, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (सु.), मैनपुरी, भोगांव, किशनी (सु.), करहल, कायमगंज (सु.), अमृतपुर, फरूखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज सु., जसवंतनगर, इटावा, भरथना (सु.), बिधुना, दिबियापुर, औरय्या (सु.), रसूलाबाद अकबरपुर रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर (सु.), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवईनगर, कानपुर कैण्ट, महराजपुर, घाटमपुर (सु.), माधौगढ़, कालपी, उरई (सु.), बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (सु.), गरौठा, ललितपुर, महरौनी (सु.), हमीरपुर, राठ (सु.), महोबा और चरखारी सीट पर तीसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assembly, elections, Voting, third phase, UP, Punjab
OUTLOOK 19 February, 2022
Advertisement