Advertisement
11 March 2017

यूपी में भाजपा का परचम लहराया, पंजाब में कांग्रेस आगे

google

पंजाब में कांग्रेस की सरकार बननी तय है जबकि उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार बनाने के करीब है। गोवा और मणिपुर में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं तो साफ है कि देश अब भी पीएम मोदी के साथ है। यूपी में सभी 403 सीटों के रुझान आ चुके हैं जिनमें से 304 पर भाजपा गठबंधन, 70 पर एसपी-कांग्रेस गठबंधन, 20 पर बीएसपी और 9 पर अन्य आगे हैं। भाजपा को करीब 40 प्रतिशत वोटरों का साथ मिलता दिख रहा है। पंजाब में कांग्रेस 70, अकाली दल 19 और आप 25 सीटों पर आगे है। उत्तराखंड में भाजपा 55 और कांग्रेस 11 सीटों पर आगे है। गोवा में कांग्रेस को 11 और भाजपा को 8 सीटों पर बढ़त है। इसी तरह मणिपुर में कांग्रेस को 15 और भाजपा को 15 सीटों पर बढ़त है।

यूपी की सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए हो रही मतगणना के शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी काफी बढ़त हासिल कर चुकी है। वह सरकार बनाने की ओर बढ़ चुकी है। यूपी में पोस्टल मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती शुरू है। अब तक मिले ताजा रुझान के मुताबिक रामपुर से सपा के आजम खां और जसवंतनगर से शिवपाल आगे हैं। अमेठी से गायत्री प्रजापति और लखनऊ की कैंट सीट से मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव पीछे हैं। भाजपा की रीता बहुगुणा लखनऊ कैंट, सतीश महाना महाराजपुर, संगीत सौम मेरठ की सरधना सीट से आगे चल रहे हैं। कुंडा से निर्दल प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया नौतनवां में अमनमणि अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं।

मतगणना निर्विध्न संचालन के लिए केंद्रीय बलों की 187 कंपनियां तैनात हैं। इनके अलावा मतगणना केंद्रों पर पीएसी और राज्य पुलिस व होमगार्ड भी हैं। मतगणना केंद्रों में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहले में स्थानीय पुलिस, दूसरे में स्टेट आर्म्ड पुलिस और तीसरे  में केंद्रीय अर्धसैनिक बल की तैनात है। मतगणना हाल में प्रेक्षक के अलावा अन्य किसी का मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है।

Advertisement

यूपी में 78 केंद्रों पर मतगणना हो रही है। यहां 72 जिलों में मतगणना एक-एक केंद्र है जबकि आजमगढ़, कुशीनगर और अमेठी में दो केंद्रों पर मतगणना शुरू है। मतगणना की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात प्रेक्षक मौके पर पहुंच गए हैं। मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी का इंतजाम है। हर मतगणना टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात है।

मतगणना में प्रदेश की सभी सीटों पर उतरे कुल 4853 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें 4370 पुरुष और 482 महिला प्रत्याशी हैं। चुनाव मैदान में उतरे थर्ड जेंडर के एकमात्र प्रत्याशी लखीमपुर सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव मैदान में उतरे 4853 प्रत्याशियों में से 67 ऐसे हैं जिनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है। सबसे अधिक उम्र की उम्मीदवार 91 वर्षीया महिला जल देवी हैं जो आगरा की खैरागढ़ सीट से निर्दल प्रत्याशी हैं। विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 403 उम्मीदवार बहुजन समाज पार्टी ने उतारे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा है जिसने 384 निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं। समाजवादी पार्टी ने 311 और कांग्रेस ने 114 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। राष्ट्रीय लोकदल के 277, लोकदल के 81, पीस पार्टी के 68, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 68 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माकर्सवादी) के 26 उम्मीदवारों ने भाग्य आजमाया है। चुनावी दंगल में 1462 निर्दल उम्मीदवार भी ताल ठोक रहे हैं जबकि 1659 अन्य प्रत्याशी भी हैं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में कुल 6839 प्रत्याशियों ने भाग लिया था जिनमें 6253 पुरुष और 582 महिला उम्मीदवार थे। पिछले चुनाव में थर्ड जेंडर के चार प्रत्याशी थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: चुनाव 2017, यूपी, भाजपा, ऐतिहासिक जीत, पंजाब, कांग्रेस, Election 2017, BJP, big margine in up
OUTLOOK 11 March, 2017
Advertisement