Advertisement
14 December 2017

एग्जिट पोलः हिमाचल में भाजपा की वापसी के आसार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे भी गुजरात के साथ 18 को आएंगे। एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य की सत्ता में भाजपा की वापसी तय है। इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया के पोल के मुताबिक 68 विधानसभा सीटों वाले पहाड़ी राज्य में भाजपा को 47-55 सीटें मिल सकती हैं। सत्ताधारी कांग्रेस को 13-20 और अन्य को दो सीटों से संतोष करना पड़ेगा। इस पोल में भाजपा को  50 फीसदी वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस को 41 और अन्य को नौ फीसद वोट मिलने का अनुमान है।

एनबीटी और सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को 68 में से 41 सीटें मिलने की संभावना है। यहां बहुमत के लिए 35 सीटों की जरूरत है। वहीं, कांग्रेस को 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी को 47.6 फीसदी जबकि कांग्रेस को 44 पर्सेंट वोट मिलते मिलने की बात कही गई है। भाजपा के लिहाज से देखें तो उसके लिए यह पिछले चुनाव के मुकाबले बड़ी बढ़त है। 2012 के विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को 26 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस ने 36 सीटों के साथ सरकार बनाई थी।

एबीपी न्यूज-सीएसडीएस-लोकनीति के चुनाव पूर्व सर्वे में भी हिमाचल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की उम्मीद जताई गई थी। इस सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 68 में से 22 से 28 और भारतीय जनता पार्टी को 39 से 45 सीटें मिल मिलने की उम्मीद जताई गई थी। 

TAGS: भाजपा, हिमाचल, एग्जिट पोल, BJP, Himachal Pradesh, Exit poll
OUTLOOK 14 December, 2017
Advertisement