Advertisement
08 September 2023

उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी, सभी की नजर घोसी के नतीजे पर

उत्तर प्रदेश के घोसी, उत्तराखंड के बागेश्वर, केरल के पुथुपल्ली, पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी, झारखंड के डुमरी, त्रिपुरा के बॉक्सनगर और धनपुर विधानसभा सीट के लिए आज अहम दिन है क्योंकि इन सात विधानसभा सीटों पर विगत दिनों हुए उपचुनावों की मतगणना फिलहाल जारी है।

झारखंड के गिरिडीह जिले की डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। आठ बजे से मतगणना शुरू कर दी गई थी। अधिकारियों की मानें तो इलाके में भारी बारिश के बीच आधिकारिक औपचारिकताओं को पूरा करने में थोड़ा समय लगा, जिसकी वजह से करीब 10 मिनट की देरी हो गई।

वहीं, केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई, जिसमें सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया था।

Advertisement

यह चुनाव इसलिए भी अहम है क्योंकि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए यह तैयारियों का एक मौका है। चुनाव को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस का लक्ष्य अपने पारंपरिक गढ़ को बरकरार रखना है, जबकि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) इसे हासिल करके नयी पैठ बनाना चाहती है।

उत्तराखंड में बागेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे प्रारंभ हुई। बागेश्वर की जिला मजिस्ट्रेट अनुराधा पाल ने बताया कि मतगणना बागेश्वर डिग्री कॉलेज में की जा रही है। वहां 14 मेजें लगाई गई हैं और 130 मतदानकर्मी वोटों की गिनती कर रहे हैं।

कुमाऊं मंडल की इस सीट पर उपचुनाव पांच सितंबर को हुए थे, जिसमें 55.44 फीसदी मतदान हुआ था। गौरतलब है कि परिवहन मंत्री चंदन राम दास (भाजपा) के निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।

विशेष रूप से, यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और विपक्षी गुट के नवगठित भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) के बीच पहला चुनाव है।

उत्तर प्रदेश के घोसी में दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक के रूप में फिर से चुने जाने के कारण उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। चौहान सपा छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने घोसी उपचुनाव में सपा के सुधाकर सिंह के खिलाफ चौहान को मैदान में उतारा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: INDIA, BJP, NDA, bypolls, Election Commission, ECI
OUTLOOK 08 September, 2023
Advertisement