Advertisement
09 November 2017

चित्रकूट ‌उपचुनाव के लिए मतदान जारी, भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला

मध्यप्रदेश के चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी और भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी के बीच है। मतगणना 12 नवंबर को होगी।

कुल 1 लाख 98 हजार 122 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 6 हजार 390 पुरुष, 91 हजार 730 महिला और 2 अन्य शामिल हैं। कुल 257 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।  आधिकारिक ब्यौरे के मुताबिक, चित्रकूट उपचुनाव में 385 ईवीएम के साथ 382 वीवीपैट मशीन भी लगाई गई हैं। वीवीपैट से मतदाता यह देख सकेंगे कि उन्होंने जो वोट दिया है, वह सही है या नहीं, इसके लिए उन्हें सात सेकंड का समय मिलेगा।

उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित इस विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीमा को सील कर दिया गया है, केंद्रीय अर्धसैनिक बल की नौ कंपनियों ने निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा का मोर्चा संभाला है। मध्यप्रदेश एसएएफ की कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल को भी क्षेत्र में तैनात किया गया है।

Advertisement

गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह का निधन होने की वजह से चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र की सीट खाली हो गई थी। वे इस सीट से तीन बार विधायक रहे। 1998, 2003 और 2013 के चुनाव में जीत हासिल की। इस दौरान केवल एक बार 2008 में उन्हें भाजपा के सुरेन्द्र सिंह गहरवार से हार का मुंह देख्‍ाना पड़ा था। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: chitrakoot, by election, voting, चित्रकूट, ‌उपचुनाव, मतदान
OUTLOOK 09 November, 2017
Advertisement