चित्रकूट उपचुनावः भाजपा पर कांग्रेस को मजबूत बढ़त
मध्यप्रदेश के चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव के लिए वोटों की गिनती चल रही है। सात राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी और भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी से करीब 14778 वोटों से आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी को 527 वोटों की बढ़त मिली थी। पर दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी 3001 वोटों से आगे हो गए। उसके बाद से उनकी बढ़त का सिलसिला लगातार मजबूत होता जा रहा है। मतगणना लगभग 19 राउंड में होगी।
कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह (65) की इस साल 29 मई को निधन होने के कारण खाली हुई इस सीट पर नौ नवंबर को वोट डाले गए थे। 65 फीसद मतदान हुआ था। उपचुनाव में 12 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। अब तक हुई वोटों की गिनती से लग रहा है कि दूसरी बार इस सीट पर कमल खिलाने का भाजपा का सपना फिलहाल पूरा नहीं होगा। हालांकि, भाजपा ने जीत हासिल करने के लिए प्रचार में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। लेकिन, पिछले 27 सालों में इस सीट पर हुए 6 चुनावों में भाजपा महज एक बार ही वो भी केवल 722 वोटों से जीत सकी थी।
अब तक की मतगणना से पता लगाता है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जादू भी प्रदेश में कम होता जा रहा है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जिन इलाकों में चुनावी सभाएं की थीं, उनमें अधिकांश जगह पर कांग्रेस के उम्मीदवार को बढ़त मिली है। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट विधानसभा चुनाव के लिए अर्जुनपुर, बरौधा, प्रतापगंज, हिरौधी, पिडरा, मझगवा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। यहां सभी जगह पर भाजपा के प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी पिछड़ गए हैं।