Advertisement
02 October 2019

महाराष्ट्र चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, पृथ्वीराज चव्हाण को कराड दक्षिण से टिकट

File Photo

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची घोषित कर दी है। कांग्रेस की इस सूची में 52 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को कराड दक्षिण से टिकट दिया है। इससे पहले 29 सितंबर को कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी की थी। कांग्रेस की पहली लिस्ट में 51 उम्मीदवारों के नाम थे। बता दें कि कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक च्वहाण को भोकर से टिकट दिया था।

कांग्रेस की पहली सूची के अनुसार, नितिन राउत नागपुर उत्तर और पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रणीति शिंदे सोलापुर सेंट्रल से चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि महाराष्ट्र में कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। दोनों पार्टियां 125-125 सीटों पर लड़ेंगी और बची हुई 38 सीटों पर गठबंधन के और सहयोगी चुनाव लड़ेंगे।

यहां देखें कांग्रेस की दूसरी लिस्ट

Advertisement

 

 

भाजपा ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आने से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। बीजेपी की पहली लिस्ट में 125 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से उतारा गया है। वहीं, सतारा लोकसभा उपचुनाव के लिए उदयराज भोंसले को उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने कहा कि वह राज्य में शिवसेना और कुछ छोटे सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से और महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल कोथरूड से चुनाव लड़ेंगे।

2014 में कांग्रेस-एनसीपी ने अलग-अलग लड़ा था चुनाव

बता दें कि कांग्रेस-एनसीपी ने 2014 में विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। तब कांग्रेस और राकांपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके बाद पवार की पार्टी ने 15 साल पुराने गठबंधन को तोड़ लिया था। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 42 तो एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2014 के इन चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा को 122 सीटें मिली थीं।

जानें कब हैं चुनाव

चुनाव की घोषणा- 21 सितंबर

नोटिफिकेशन की तारीख- 27 सितंबर

नामांकन की आखिरी तारीख - 4 अक्टूबर

स्क्रूटनी की तारीख- 5 अक्टूबर

नामांकन वापसी की तारीख- 7 अक्टूबर

चुनाव प्रचार का आखिरी दिन-19 अक्टूबर

चुनाव की तारीख- 21 अक्टूबर

मतगणना की तारीख- 24 अक्टूबर

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, announced, 52 more candidates, second list, Maharashtra Assembly
OUTLOOK 02 October, 2019
Advertisement