Advertisement
14 March 2019

भाजपा में शामिल हुए टॉम वडक्कन, कांग्रेस ने कहा- उम्मीद है पूरी होंगी उनकी आकांक्षाएं

File Photo

लोकसभा चुनाव से पहले एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होने का सिलसिला जारी है। केरल में कांग्रेस के बड़े चेहरे टॉम वडक्कन ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करते हुए टॉम वडक्कन ने कहा कि हाल ही में जिस तरह एयरस्ट्राइक के बाद सेना पर सवाल खड़े किए गए, उससे वह काफी दुखी हैं। यही वजह है कि वह अब कांग्रेस को छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उम्मीद है उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी।

गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी मे टॉम वडक्कन भाजपा में शामिल हुए। टॉम वडक्कन ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद जिस तरह कांग्रेस ने सवाल खड़े किए उससे वह काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख देश के खिलाफ होता जा रहा था, इसलिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने की ठानी।

मोदी की विकास नीति से काफी प्रभावित हैं वडक्कन

Advertisement

वडक्कन बोले कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीति से काफी प्रभावित हैं, यही कारण है कि भाजपा में शामिल होने पर वह काफी खुश हैं। उन्होंने इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब बात विचारधारा की नहीं बल्कि देशप्रेम की है।

20 साल तक कांग्रेस के लिए काम किया: वडक्कन

भाजजा में शामिल होने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वडक्कन ने कहा, मैंने 20 साल तक कांग्रेस के लिए काम किया, लेकिन आज भारी मन से पार्टी को अलविदा कह रहा हूं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व पर परोक्ष हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वे अब इस्तेमाल करो और फेंकों की नीति अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंशवादी राजनीति कांग्रेस में चरम पर है।

‘अब तक वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गाली’ देते थे वडक्कन’

अपने प्रवक्ता टॉम वडक्कन के भाजपा में शामिल होने के बाद, कांग्रेस ने गुरुवार को पार्टी की आलोचना को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि अब तक वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गाली’ देते थे। वडक्कन के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘उन्हें हमारी शुभकामनाएं’।

कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता टॉम वडक्कन के भाजपा में शामिल होने पर दुख जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि वहां उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी। सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, 'उनके जाने का दुख है। आशा है कि वहां उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी।' उन्होंने ये भी कहा, ‘अब तक तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देते थे, तो इस पर मोदी जी और रविशंकर जी की क्या राय है’।

मीडिया में कांग्रेस के बड़े चेहरे रहे हैं टॉम

बता दें कि टॉम वडक्कन मीडिया में कांग्रेस के बड़े चेहरे रहे हैं और कई प्रेस कॉन्फ्रेंस, टीवी डिबेट्स में कांग्रेस का रुख रखते आए हैं। कांग्रेस पार्टी छोड़ने तक भी वह कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और महासचिव के पद पर थे। भाजपा में शामिल होने के बाद वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं अभी इस बात पर कोई फैसला नहीं हुआ है।

टॉम वडक्कन के ट्विटर अकाउंट पर आखिरी रिट्वीट कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का है। उन्होंने प्रियंका का पहला ट्वीट ही रिट्वीट किया है।

महाराष्ट्र से पिछले दिनों भी कांग्रेस को झटका

दो दिन पहले ही महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था। कांग्रेस नेता सुजय विखे पाटिल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। सुजय महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल के बेटे हैं और पेशे से न्यूरोसर्जन हैं। बताया जा रहा है कि वह अहमदनगर सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें वहां से उम्मीदवार नहीं बनाया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress leader, Tom Vadakkan joins BJP, working against national interest, no other option
OUTLOOK 14 March, 2019
Advertisement