Advertisement
22 April 2019

दिल्ली के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से शीला दीक्षित को टिकट

File Photo

 

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन के सभी प्रयास विफल होने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को छह सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा कर राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। दिल्ली में अब त्रिकोणीय मुकाबला कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच होना तय दिख रहा है। पार्टी ने जिन उम्मीदवारों की घोषणा की है उनमें राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं।

कांग्रेस ने पूर्व मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित को उत्‍तर-पूर्वी दिल्‍ली से मैदान में उतारा है। इस लिस्ट के जारी होने के साथ ही राज्य में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन के सभी रास्ते बंद हो गए हैं क्योंकि पार्टी ने 7 में से 6 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

Advertisement

शीला दीक्षित को उत्‍तर-पूर्वी दिल्‍ली से टिकट देने के अलावा पार्टी ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल को चुनावी मैदान में उतारा है। साथ पूर्वी दिल्‍ली से अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया गया है। नई दिल्‍ली से अजय माकन को कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, उत्‍तर-पश्चिमी दिल्‍ली सीट से पार्टी ने राजेश लिलोथिया को टिकट दिया है। पश्चिम दिल्‍ली से पार्टी ने महाबल मिश्रा को मैदान में उतारा है।

मैं यहां के लोगों को जानती हूं और वे मुझे जानते हैं: शीला दीक्षित

उत्तर पूर्वी दिल्ली से टिकट मिलने के बाद दिल्ली की पूर्व सीएम और कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित ने कहा, ‘मैं मुझे दी गई जिम्मेदारी को पूरा करने की पूरी कोशिश करूंगी। मैंने पहले भी यहां से चुनाव लड़ा है, मैं यहां के लोगों को जानती हूं और वे मुझे जानते हैं। हमने यहां से मेट्रो शुरू की थी, हमारी प्रतिष्ठा लोगों के लिए काम करने की है’।

शीला दीक्षित का मुकाबला मनोज तिवारी से

पूर्व मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित का मुकाबला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी से होगा। तिवारी इस सीट से 2009 और 2014 में चुनाव जीत चुके हैं।

कपिल सिब्बल का टिकट कटा

कांग्रेस ने कपिल सिब्बल का टिकट काट दिया। वे पिछली बार चांदनी चौक से लड़े थे। उनकी जगह जेपी अग्रवाल को टिकट दिया गया। अग्रवाल का मुकाबला केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन से होगा।

 

कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर विराम

 

माना जा रहा है कि उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की संभावना पर पूर्ण विराम लग गया है। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर पिछले कई हफ्तों से बातचीत चल रही थी। लेकिन कांग्रेस 3/4 के फार्मूले पर सिर्फ दिल्ली में गठबंधन चाह रही थी जबकि आप दिल्ली के साथ हरियाणा में भी गठबंधन पर जोर दे रही थी।

 

कांग्रेस और आप दोनों के दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने से त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति पैदा हो गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी।

अब तक कुल 419 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है कांग्रेस

 

इस लिस्ट को जारी करने के साथ ही कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 419 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है जिनमें संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम भी शामिल हैं।

 

यहां देखें पूरी लिस्ट

 

दिल्ली में टिकट के ऐलान से पहले महाबल मिश्रा के समर्थकों का विरोध प्रदर्शन 

दिल्ली में टिकटों के ऐलान से एक दिन पहले यानी रविवार को कांग्रेस मुख्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने ओलंपियन सुशील कुमार का नाम जैसे ही कांग्रेस के टिकट प्रत्याशियों की रेस में आया उन्होंने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा होकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

समर्थकों ने लगाया था अवहेलना का आरोप

महाबल के सैकड़ों समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए मांग रखी कि पूर्व सांसद महाबल मिश्रा दिल्ली में पूर्वांचल का चेहरा हैं, ऐसे में कांग्रेस उनको पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ाए। दिल्ली कांग्रेस पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष सिवनी सिंह ने कहा था कि दिल्ली में पूर्वांचल की इतनी बड़ी आबादी है ऐसे में महाबल मिश्रा की अवहेलना कर कांग्रेस पार्टी ने ठीक नहीं किया है। महाबल के समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के साथ ही सड़क पर जाम भी लगाया।

दरअसल, ये विरोध प्रदर्शन उन खबरों के आधार पर किया गया जिनमें कहा जा रहा था कि कांग्रेस ने 7 सीटों पर अपने नाम तय कर लिए हैं, जिसमें पश्चिमी दिल्ली से ओलंपियन सुशील कुमार को टिकट दिए जाने की संभावना है। इसके चलते दिल्ली में कांग्रेस के पूर्वांचल चेहरा महाबल मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने अपना गुस्सा कांग्रेस मुख्यालय पर जाहिर किया।

दिल्ली में 12 मई को होगा मतदान

दिल्ली में सात लोकसभा की सीटे हैं और पिछली बार इन सातों पर बीजेपी के उम्मीदवारों ने विजय हासिल की थी। बीजेपी ने इस बार डॉ हर्षवर्धन को दिल्ली के चांदनी चौक, मनोज तिवारी- नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, प्रवेश वर्मा- वेस्ट दिल्ली और रमेश बिधूड़ी को साउथ दिल्ली से टिकट दिया है। दिल्ली में 12 मई को मतदान होना है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress releases, list of candidates, Parliamentary constituencies, Delhi. Sheila Dikshit, contest, North East Delhi, lok saha elections
OUTLOOK 22 April, 2019
Advertisement