Advertisement
08 February 2020

दिल्ली में मतदान की प्रक्रिया पूरी, 6 बजे तक 54 प्रतिशत वोटिंग

दिल्ली विधानसभा चुनाव की 70 सीटों पर शनिवार (8 फरवरी) को वोटिंग हुई। मतदान में धीमी शुरुआत के साथ इसमें दोपहर तक थोड़ी तेजी आई। शाम 6 बजे तक 54.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 11 जिलों में उत्तर-पूर्व दिल्ली में सबसे अधिक 63.4 प्रतिशत मतदान हुआ  जबकि नई दिल्ली में सबसे कम 44.29 प्रतिशत वोट डाले गए ।

दिल्ली के एक करोड़ 47 लाख मतदाताओं ने 672 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है। चुनावी मुकाबले में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा तथा कांग्रेस प्रमुख रूप से मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी 70, भाजपा 67 और कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों  के साथ ही शाहीन बाग तथा अन्य संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। मतदान के लिए 13750 केंद्र बनाए गए। जानिए दिल्ली के चुनाव से जुड़े हर अपडेट्स-

06:00-11 जिलों में उत्तर-पूर्व दिल्ली में सबसे अधिक 63.4 प्रतिशत मतदान हुआ  जबकि नई दिल्ली में सबसे कम 44.29 प्रतिशत वोट डाले गए।

Advertisement

4:36 PM: 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव में शनिवार को शाम 4 बजे तक पहले आठ घंटों में 1.47 करोड़ मतदाताओं में से 42.29 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले।

 

3:20 PM: राष्ट्रीय राजधानी में मतदान सुस्त रहा, दिल्ली के मतदाताओं ने दोपहर 3 बजे तक 30.2% वोट डाले।

03.15- 3 बजे तक  30.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

03.00- पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के कामराज लेन स्थित एक मतदान केंद्र पर वोट डाला

02.00- दोपहर 2 बजे तक  27.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

01.00- दोपहर एक बजे तक 19.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

12.30- मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में निर्वाण भवन में वोट डाला।

12.05-दोपहर 12 बजे तक 15.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

11.08- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने निर्माण भवन बूथ में अपना वोट डाला। प्रियंका गांधी ने लोदी  स्टेट में वोट डाला।

 10.45- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी ने निर्माण भवन में वोट डाला।

10.35-राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपनी पत्नी के साथ राष्ट्रपति भवन में मौजूद केंद्रीय विद्यालय में वोट डाला।

 10.31- कांग्रेस नेता राहुल गांधी औरंगजेब रोड के पोलिंग बूथ नंबर 81 और 82 पर वोट डालने पहुंचे।

10.00- दिल्ली में 5.64 प्रतिशत हुई वोटिंग।

09:56- साउथ एक्सटेंशन पार्ट-2 के एक बूथ पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने वोट डाला।

0.945-    वहीं राजेंद्र नगर के एक पोलिंग बूथ पर आप के प्रत्याशी राघव चड्डा ने मताधिकार का प्रयोग किया।

09: 41- दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल 6 फ्लैग स्टाफ रोड मुख्यमंत्री निवास से अपने परिवार के साथ वोट डाला, मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूर राजपुरा रोड के परिवहन विभाग में वो मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने से पहले केजरीवाल ने मां का आशीर्वाद लिया, पैर छुए और वोट डालने निकले।

09:18- बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं। मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उन्होंने तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की।

09: 16- चांदनी चौके से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने टैगोर गार्डन एक्सटेंशन में वोट डाला। आप के प्रह्लाद साहनी और भाजपा के सुमन गुप्ता के बीच यहां मुकाबला है।

09: 15- पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और संघ के वरिष्ठ नेता रामलाल ने निर्माण भवन में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बता दें कि इस सीट से सीएम अरविंद केजरीवाल, भाजपा के सुनील यादव और कांग्रेस के रोमेश सभरवाल चुनाव लड़ रहे हैं।

9.02- केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन अपनी मां रतन देवी के साथ कृष्णा नगर के पब्लिक स्कूल में वोट डालने पहुंचे हैं। बता दें कि यहां से भाजपा के अनिल गोयल और कांग्रेस के अशोक वालिया और आप के एस के बग्गा चुनाव लड़ रहे हैं।

8.55- दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और उनकी पत्नी माला बैजल ने ग्रेटर कैलाश के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। आप के मौजूदा विधायक और उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज यहां से भाजपा की शिखा राय और कांग्रेस के सुखबीर पवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

08: 35-  भाजपा सांसद परवेश वर्मा ने मटियाला के पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का किया उपयोग। यहां भाजपा से राजेश गहलोत, कांग्रेस से सुमेश शौकीन और आप से वर्तमान विधायक गुलाब सिंह यादव के बीच मुकाबला है।

08:30- शाहीन बाग के शाहीन पब्लिक स्कूल के बाहर मतदाताओं की लंबी कतार नजर आ रही है। यहां आप के विधायक अमानतुल्लाह, कांग्रेस के परवेज हाशमी और भाजपा के ब्रह्म सिंह के बीच मुकाबला हैं।

 08:25- दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवील ने ट्वीट किया कि वोट डालने जरूर जाइए। सभी महिलाओं से खास अपील है कि जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलाएं वोट डालने जरूर जाएं और अपने घर के पुरुषों को भी ले जाएं। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।

 08:20- पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों से वोट करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस महोत्सव में भाग लें और वोटिंग का नया रेकॉर्ड बनाएं।

08: 15- केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने दिल्ली चुनाव को लेकर कहा कि यह सत्य और असत्य के बीच की लड़ाई है।

08: 02-  विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मताधिकार का किया उपयोग, वे सुबह से ही कतार में खड़े थे। जयशंकर ने तुगलक क्रिसेंट के एनडीएसी स्कूल ऑफ साइस और ह्यूमैनिटीज में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि हर नागरिक की यह पहली जिम्मेदारी है कि वो वोट दे। घर से बाहर निकलें और अपने अधिकार का उपयोग करें।

7:55- वोटिंग शुरू होने से पहले दिल्ली के उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज दिल्ली के लोग अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए वोट करेंगे।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह के मुताबिक, दिल्ली के 3141 पोलिंग बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। शाहीन बाग इलाके के सभी पांचों बूथों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में 1,47,86,382 लोगों को मतदान का अधिकार है जिसमें से 8105236 पुरुष मतदाता है. वहीं 6680277 महिला मतदाता है। 2,32,815 मतदाता 18 से 19 साल के आयुवर्ग के हैं। दिल्ली में 132 ऐसे वोटर्स हैं जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है और सबसे बुजुर्ग वोटर की उम्र 110 साल है।

6 फरवरी को खत्म हुआ प्रचार अभियान

दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान 6 फरवरी को खत्म हो गया। जहां बीजेपी ने शाहीन बाग में चल रहे सीएए विरोधी प्रदर्शन को केंद्र में रख आक्रामक प्रचार अभियान किया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने अपनी सरकार की बिजली, पानी और महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा जैसे मुद्दों को जोर-शोर से सामने रखा। इन दोनों पार्टियों के साथ-साथ कांग्रेस ने भी अपने प्रचार अभियान में मतदाताओं को लुभाने की पूरी कोशिश की।

 सबसे ज्यादा उम्मीदवार नई दिल्ली सीट पर

सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट से और सबसे कम चार उम्मीदवार पटेल नगर सीट पर हैं। नई दिल्ली सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आप उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं। क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे छोटा विधानसभा बल्लीमारान और सबसे बड़ा नरेला है। सबसे कम मतदाताओं वाला विधानसभा क्षेत्र चांदनी चौक और सबसे ज्यादा मतदाताओं वाला मटियाला है।

आप-बीजेपी और कांग्रेस ने प्रचार में लगाई पूरी ताकत

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तीनों प्रमुख दलों आम आदमी पार्टी(आप), कांग्रेस व भाजपा के स्टार प्रचारकों व उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी और ताबड़तोड़ रैलियां व रोड शो किए। भाजपा की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रचार का नेतृत्व किया। वहीं, कांग्रेस की कमान राज बब्बर व शत्रुघ्न सिन्हा ने संभाली। आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छोड़कर सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरे और मतदाताओं से वोट की अपील की।

कितनी सीटों पर किसके प्रत्याशी

इस चुनाव में आप ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस 66 व भाजपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने तीन सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। इसमें से दो सीटों पर जेडीयू व एक सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी का उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

कांग्रेस पहली बार गठबंधन कर लड़ रही चुनाव

वहीं, कांग्रेस गठबंधन की तरफ से चार सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) भी इस बार चुनावी मैदान में है। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पांच व अन्य राष्ट्रीय व पंजीकृत राजनीतिक दलों ने 249 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। वहीं, 148 निर्दलीय उम्मीवार भी किस्मत आजमा रहे हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi Election, Updates
OUTLOOK 08 February, 2020
Advertisement