Advertisement
08 February 2020

दिल्ली में 57 फीसदी से अधिक मतदान

दिल्ली में 57 फीसदी से अधिक मतदान

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इस दौरान शाम 6 बजे तक 57 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार 57.06 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि दिल्ली के कई मतदान केंद्रों पर मतदान देर में समाप्त होने के कारण अंतिम आंकड़ा अभी तक बाहर नहीं आया है। 11 जिलों में उत्तर-पूर्व दिल्ली में सबसे अधिक 63.4 प्रतिशत मतदान हुआ  जबकि नई दिल्ली में सबसे कम 44.29 प्रतिशत वोट डाले गए।

दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "मतदान डेटा सार्वजनिक डोमेन में है। यह 57.06 प्रतिशत है। यह अस्थायी डेटा है, क्योंकि मतदान अभी तक कई स्थानों पर नहीं हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर, शाम 6 बजे तक भी लंबी कतार थी। ’’

शांतिपूर्ण रहा मतदान

Advertisement

इससे पहले, उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए कुल 672 उम्मीदवार मैदान में थे और 98,000 से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया था। मतगणना 11 फरवरी को होगी।

672 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद

दिल्ली के मतदाताओं ने 672 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है। चुनावी मुकाबले में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा तथा कांग्रेस प्रमुख रूप से मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी 70, भाजपा 67 और कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों  के साथ ही शाहीन बाग तथा अन्य संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। मतदान के लिए 13750 केंद्र बनाए गए।

6 फरवरी को खत्म हुआ प्रचार अभियान

दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान 6 फरवरी को खत्म हुआ था। जहां बीजेपी ने शाहीन बाग में चल रहे सीएए विरोधी प्रदर्शन को केंद्र में रख आक्रामक प्रचार अभियान किया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने अपनी सरकार की बिजली, पानी और महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा जैसे मुद्दों को जोर-शोर से सामने रखा। इन दोनों पार्टियों के साथ-साथ कांग्रेस ने भी अपने प्रचार अभियान में मतदाताओं को लुभाने की पूरी कोशिश की।

TAGS: Delhi, records, over 57 per cent, voter turnout
OUTLOOK 08 February, 2020
Advertisement