Advertisement
24 May 2019

अपनी हार पर दिग्विजय सिंह बोले- गांधी के हत्यारे वाली विचारधारा जीत गई

ANI

लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि गांधी के हत्यारे की विचारधारा जीत गई और शांति दूत हार गया। भोपाल सीट से अपनी हार के बाद उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर पहली प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि भोपाल लोकसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को 3,64,822 वोटों के अंतर से हराया है।

दिग्विजय सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें निजी तौर पर चिंता सता रही हैं कि गांधी के हत्यारे की विचारधारा जीत गई और शांति दूत हार गया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे वाली विचारधारा जीत गई और देश में महात्मा गांधी की विचारधारा हार गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये सबसे बड़ी चिंता की बात है।

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि वे भोपाल की जनता से किए हर वादे को पूरा करेंगे। इस दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में 280 का नारा दिया था इस बार 300 पर का नारा दिया, इनके पास कौन सी जादू की छड़ी है, जो अपने लक्ष्य को पूरा कर लेती है। दिग्विजय ने कहा मैं जीत नही पाया लेकिन जो भी वादे किए पूरा करने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार चढ़ाव आते रहते हैं। हम अपना काम करते रहेंगे और जनता से जो वादे किए है पूरा करेंगे। भारत के लोकतंत्र पर हम सबका विश्वास है।

Advertisement

सिंह ने प्रदेश की जनता से कहा कि कांग्रेस के विजन डॉक्यूमेंट को भी पूरा किया जाएगा। इस मसले पर सीएम कमलनाथ से भी वो पहले ही चर्चा कर चुके हैं। वह भोपाल की जनता के बीच रहकर उस डॉक्यूमेंट पर अमल करेंगे।

भोपाल में छाया रहा हिंदुत्व का मुद्दा  

राजधानी भोपाल में विकास के मुद्दे से इतर पूरे प्रचार के दौरान हिंदुत्‍व का मुद्दा छाया रहा। प्रज्ञा ठाकुर ने इस चुनाव को जहां 'धर्म युद्ध' करार दिया और कहा कि उन्‍हें 'बाबरी मस्जिद को गिराने में सहयोग करने पर गर्व है।' वहीं दिग्विजय सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान कई मंदिरों का दौरा किया और कंप्‍यूटर बाबा के नेतृत्‍व में सैकड़ों साधुओं ने 'हठ योग' किया। इसके जरिए दिग्विजय ने प्रज्ञा ठाकुर के हिंदुत्‍व के दांव को कुंद करने का प्रयास किया। लेकिन नतीजे साध्वी के पक्ष में गया। लोकसभा चुनाव 2019 में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को कुल 8,66,482 और दिग्विजय सिंह को 5,01,660 वोट मिले। प्रज्ञा ठाकुर को इस सीट पर 60 पर्सेंट से भी ज्यादा वोट मिले हैं। बीएसपी कैंडिडेट माधो सिंह अहिरवार को 11,277 और नोटा को कुल 5,430 वोट मिले हैं।

-एजेंसी इनपुट्स

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Digvijay Singh, losing, Sadhvi Pragya Thakur., Bhopal Lok Sabha seat
OUTLOOK 24 May, 2019
Advertisement