Advertisement
18 February 2022

चुनाव प्रचार खत्म; 20 फरवरी को UP में तीसरे चरण की 59 और पंजाब में सभी 117 सीटों पर वोटिंग, करहल सीट से अखिलेश यादव भी मैदान में

FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर होने वाली वोटिंग के लिए शुक्रवार को प्रचार थम गया। वहीं, इसी दिन पंजाब में भी एक चरण में सभी 117 सीटों पर मतदान होगा। आखिरी दिन उत्तर प्रदेश और पंजाब में राजनीतिक पार्टियों ने सारी ताक झोंक दी। अखिलेश यादव तीसरे चरण के चुनाव में करहल सीट से उम्मीदवार हैं।

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव को घेरने के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है। दो दिनों पहले एसपी सिंह बघेल ने अपने काफिले पर हमले का आरोप लगाया था। इटावा की जसवंतनगर सीट से अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने यहां से युवा नेता विनय शाक्य को मैदान में उतारा है, जबकि बसपा ने बिजेंद्र कुमार को टिकट दिया है। इस सीट पर कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। फर्रुखाबाद सदर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस खुर्शीद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। 2002 मे लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद की कायमगंज विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। वहीं, 2007 के चुनाव में लुईस खुर्शीद चुनाव हार गई थीं।

यूपी की जिन  वोटिंग होगी उसमें उनमें हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा शामिल है। यूपी में सात चरणों में वोटिंग होगी। तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर करीब 2.15 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

Advertisement

अखिलेश यादव ने आज कानपुर में रोड शो के दौरान कहा, "बाबा मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) जानवरों को नहीं पकड़ पाए और उनका सबसे प्रिय जानवर सड़कों पर घूमता है, लैपटॉप चलाना तो दूर ये सांड को भी नहीं पकड़ पा रहे हैं। इससे पहले दिन में अखिलेश यादव ने जालौन में जनसभा को संबोधित किया.।उन्होंने कहा, "जिसका परिवार होता है वही परिवारवालों का दुख और दर्द समझ सकता है। ये बीजेपी के नेता जो राज कर रहे हैं, इनके कोई परिवार नहीं है। एक परिवारवाला ही समझता है कि महंगाई क्या है।" कांग्रेस प्रतिज्ञा वर्चुअल महारैली' में प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों को संबोधित किया।

पंजाब में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं. चन्नी दो सीटों रूपनगर में चमकौर साहिब और बरनाला में भदौर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. आप के मान धूरी से चुनाव लड़ रहे हैं, जो संगरूर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है. मान संगरूर से दो बार सांसद चुने जा चुके हैं. अमृतसर पूर्व सीट पर सिद्धू का मुकाबला शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से है। राज्य में  93 महिलाओं सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पंजाब में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जलालाबाद में रोड शो किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला में रोड शो किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Election, third phase, UP, Punjab, Akhilesh Yadav, Karhal
OUTLOOK 18 February, 2022
Advertisement