Advertisement
24 October 2019

हरियाणा-महाराष्ट्र में एग्जिट पोल नहीं भांप पाए जनता का मिजाज

महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुए। इसक तुरंत बाद एग्जिट पोल आने लगे। लगभग सभी एग्जिट पोल में महाराष्ट्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की शानदार वापसी बताई गई। हालांकि, एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में हरियाणा में त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान लगाया गया था।

महाराष्ट्र के एग्जिट पोल

महाराष्ट्र चुनाव के लिए आजतक-एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा-शिवसेना को 166-194, कांग्रेस-एनसीपी को 72-90 और अन्य को 22-34 सीटें मिलने की बात कही थी। सीएनएन-न्यूज18 के एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना को 243, कांग्रेस-एनसीपी को 41 सीट दिए। वहीं, टाइम्स नाऊ ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना को 230, कांग्रेस-एनसीपी को 48 और अन्य को 10 सीटें दी। एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल में भाजपा+शिवसेना को 204 और कांग्रेस+एनसीपी को 69 सीट मिलते दिखाए गए। रिपब्लिक-जन की बात एग्जिट पोल में भाजपा+शिवसेना को 233 और कांग्रेस+एनसीपी को 54 सीट आने की बात कही गई। टीवी 9-सिसेरो ने भाजपा+शिवसेना को 197, जबकि कांग्रेस+एनसीपी को 75 सीट दिए।

Advertisement

नतीजों में अंतर

चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, महाराष्ट्र में भाजपा को 103 और शिवसेना को 57 सीटें मिलती दिख रही हैं। यानी भाजपा और शिवसेना गठबंधन की बात करें, तो 160 सीटें मिलती दिख रही हैं। जबकि अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन क 200 सीटें मिलने की बात कही जा रही थी, लेकिन हकीकत इससे काफी दूर नजर आ रही है। भाजपा 103 सीटों पर सिमटती दिख रही है, जबकि पिछली बार उसे 122 सीटें मिली थीं। शिवसेना भी अपनी पिछली सफलता दोहरा नहीं पाई और 63 से लुढ़ककर 57 सीटों पर आ गई।

इसी तरह कांग्रेस और एनसीपी को लगभग सभी एग्जिट पोल 50 से 60 सीटें दे रहे थे, लेकिन नतीजे इससे बिलकुल उलट हैं। कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन का आंकड़ा लगभग तीन अंकों को छूता नजर आ रहा है। कांग्रेस 45 और एनसीपी 53 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

हरियाणा के एग्जिट पोल

हरियाणा के लिए आजतक-एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को 32-44, कांग्रेस को 30-42, जेजेपी को 6-10 और अन्य को 6-10 सीटें मिलने की बात कही थी। रिपब्लिक-जन की बात एग्जिट पोल में भाजपा को 52-63, जेजेपी को 5-9, इनेलो को 0-1, कांग्रेस को 15-19 और अन्य को 7-9 सीट आने की बात कही गई। एबीपी के एग्जिट पोल में भाजपा को 72, कांग्रेस को 8 और अन्य को 10 सीटें दी गई। सीएनएन-न्यूज18-इप्सोस के एग्जिट पोल में भाजपा को 75 और कांग्रेस को 15 सीट दिए गए। वहीं, टाइम्स नाऊ ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा को 71, कांग्रेस को 11 और अन्य को 8 सीटें दी। टीवी 9-सिसेरो एग्जिट पोल ने भाजपा को 69 और कांग्रेस को 11 सीटें दी।

नतीजों में भारी अंतर

अगर देखा जाए, तो लगभग सभी एग्जिट पोल ने हरियाणा में भाजपा की शानदारी वापसी बताते हुए 75 के आसपास सीटें दी, जबकि कांग्रेस को 10-15 सीटें ही दी। लेकिन चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, हरियाणा त्रिशंकु विधानसभा के स्पष्ट नतीजे दिख रहे हैं। यहां किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिल रहा है और एग्जिट पोल उलट भाजपा 75 से दूर 40 पर सिमटती दिख रही है, जबकि कांग्रेस ने शानदार वापसी करते हुए 31 सीटों पर जीतती दिख रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Exit polls, Public, Result, election, Haryana, Maharashtra, हरियाणा, महाराष्ट्र, एग्जिट पोल, नतीजे, चुनाव
OUTLOOK 24 October, 2019
Advertisement