Advertisement
09 February 2020

भाजपा ने कहा- एक्जिट पोल सटीक नहीं, जमीनी स्थिति अलग, हम चुनाव जीतेंगे

भाजपा ने कहा- एक्जिट पोल सटीक नहीं, जमीनी स्थिति अलग, हम चुनाव जीतेंगे

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को आए एक्जिट पोल पर भाजपा भरोसा नहीं कर पा रही है। चुनाव में अरविंद केजरीवाल की भारी जीत दर्शाने वाले एक्जिट सर्वेक्षणों पर उसका कहना है कि ये सटीक नहीं है।

भाजपा नेताओं का नतीजों पर मंथन

भाजपा की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि हम रोजाना समीक्षा बैठकें करते रहे हैं। समीक्षा बैठकों में हमने अपनी स्थिति पर गौर किया। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिली जानकारियों का विश्लेषण किया और अपनी कमजोरियों के असर को भी समझने का प्रयास किया। एक्जिट पोल पर भी विचार विमर्श किया। हमारी स्थिति जिस तरह की है, एक्जिट पोल सटीक नहीं हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदान के बाद गहन विचार विमर्श किया था।

Advertisement

मीनाक्षी ने कहा- एक्जिट पोल में कमियां

मीनाक्षी लेखी ने कहा कि एक्जिट पोल में हर विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान बूथों विश्लेषण किया। उन्होंने 13,000 बूथों में से सिर्फ 0.12-0.15 फीसदी बूथों पर अनुमान लगाया। यह अनुमान भी सिर्फ चार-पांच बजे शाम तक की है। इस दौरान तमाम बूथों पर सिर्फ 11-15 फीसदी मतदान हुआ था। जबकि हमारा वोटर मध्यान्ह के बाद बूथों पर मतदान के लिए पहुंचता है। इसलिए एक्जिट पोल्स में इन मतदाताओं के रुझान का अनुमान शामिल नहीं किया गया है।

भाजपा सत्ता में आएगी- जावड़ेकर

भाजपा सांसद का कहना है कि भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी सीट पर चुनाव हार रहे है। लेखी के बयान का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा सटीक पोल नतीजे आने तक इंतजार करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल और नतीजों में भारी अंतर होगा। वह नतीजे आने तक इंतजार करेंगे। पिछले साल मई में हुई लोकसभा चुनाव में भी एक्जिट पोल अनुमान लगाने में विफल रहे थे।

गलत साबित होंगे सर्वेः तिवारी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने जमीनी स्थिति देखी है। मतदाताओं से हमें बहुत अच्छा रेस्पांस मिला है। भाजपा चुनाव जीतेगी। दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी ने भी कहा कि जब नतीजे आएंगे, एक्जिट पोल गलत साबित होंगे। शनिवार को दिल्ली चुनाव के लिए मतदान पूरा होने के बाद जारी एक्जिट पोल में संकेत मिले हैं कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी जीत सकती है। उसे दो-तिहाई तक बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है।

TAGS: Exit Polls, BJP, Amit Shah, delhi election
OUTLOOK 09 February, 2020
Advertisement