Advertisement
09 November 2022

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी और डिप्टी सीएम नितिन पटेल नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व को भेजा खत

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है। राजनीतिक दलों ने इसे लेकर रणनीति बनानी भी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने चुनाव नहीं लड़ने कि इच्छा जताई। नितिन पटेल और विजय रूपाणी ने प्रदेश अध्यक्ष को इस संबंध में चिट्ठी लिखी है।

विजय रुपाणी ने अपने आप को गुजरात चुनाव से अलग करते हुए चुनाव न लड़ने का दावा करते हुए कहा, मैंने सभी के सहयोग से 5 साल तक सीएम के रूप में काम किया। इन चुनावों में नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैंने सीनियर लीडर्स को चिट्ठी लिखकर इस बारे में बता दिया है। हम चुने हुए उम्मीदवारों को जिताने के लिए मिलकर काम करेंगे।

वहीं, नितिन पटेल ने भी आलाकमान को पत्र लिखकर चुनाव लड़ने में असमर्थता जाहिर की है। पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने कुछ दिन पहले ही टिकट के लिए दावेदारी भी पेश की थी। हालांकि उन्होंने चुनाव न लड़ने का अचानक फैसला ले लिया।

Advertisement

साथ ही, गांधीनगर से भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने कहा कि मैं विधानसभा चुनाव नहीं लडूंगा और मैंने पार्टी के वरिष्ठ नेता को बता दिया है। मैंने तय किया है कि अन्य कार्यकर्ताओं को अवसर मिलना चाहिए। मैं अब तक 9 बार चुनाव लड़ चुका हूं। मैं पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं।

जानकारी के मुताबिक, गुजरात के तक़रीबन आठ पूर्व मंत्री इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, पूर्व मंत्री सौरभ पटेल, प्रदीप जडेजा, भूपेन्द्र चूड़ासमा चुनाव नहीं लड़ेंगे। करीब आठ पूर्व मंत्रियों की सीटों पर बीजेपी युवा उम्मीदवारों को लड़ाने वाली है।

TAGS: Former Gujarat CM Vijay Rupani, Deputy CM Nitin Patel, contest assembly elections, Gujarat Elections
OUTLOOK 09 November, 2022
Advertisement