Advertisement
11 February 2020

दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों में इन 10 सीटों पर है सबकी नजर

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद अब नतीजों का इंतजार है। चुनाव परिणाम कुछ ही समय बाद सबके सामने होंगे। मगर दिल्ली में कुछ सीटें ऐसी हैं जिन पर सबकी नजरें टिकी हैं। इन सीटों पर कहीं मुकाबला टक्कर का दिख रहा है तो किसी की साख दांव पर लगी है। सीएम अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली सीट से लेकर भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा की मॉडल टाउन सीट जैसी ही कई हॉट सीटें हैं।

दिल्ली विधानसभा की वो 10 सीटें जिन्हें दिग्गज और चर्चित उम्मीदवारों ने विशेष बना दिया है। इसीलिए चुनाव परिणामों के दौरान इन सीटों को लेकर लोगों की दिलचस्पी लाजमी है।

नई दिल्ली सीट: अरविंद केजरीवाल

Advertisement

नई दिल्ली विधानसभा सीट दिल्ली की सबसे हॉट सीट इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वयं चुनाव लड़ा है। हालांकि इस सीट पर भाजपा ने कोई बड़ा चेहरा सामने नहीं रखा है। यहां से भाजपा ने सुनील यादव को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने यहां से रोमेश सबरवाल को मैदान में उतारा है।

पटपड़गंज सीट: मनीष सिसोदिया

दिल्ली विधानसभा की पटपड़गंज सीट पर भी निगाहें हैं। यहां से दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनावी मैदान में उतरे हैं। जबकि भाजपा ने सिसोदिया के खिलाफ यहां से रवि नेगी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर लक्ष्मण रावत को टिकट दिया।

रोहिणी सीट: विजेंद्र गुप्ता

रोहिणी सीट से दिल्ली भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता मैदान में हैं। जबकि आप ने यहां से राजेश नामा बंसीवाला को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की ओर से सुमेश गुप्ता इस सीट से उतरे हैं।

मॉडल टाउन सीट: कपिल मिश्रा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में पाकिस्तान की ‘एंट्री’ करवाने वाले भाजपा प्रत्याशी और पूर्व आप विधायक कपिल मिश्रा की सीट मॉडल टाउन पर भी सबकी निगाहें हैं। इस सीट पर आप ने अखिलेश त्रिपाठी को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस की ओर से आकांक्षा ओला मैदान में उतरीं हैं।

ओखला सीट: अमानुत्ताह खान

दिल्ली की ओखला सीट पर इसलिए सबकी नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि शाहीन बाग इसी विधानसभा में आता है। यहां पिछले लगभग दो महीनों से नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। यहां से आप के विधायक अमानुत्ताह खान चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं भाजपा ने ब्रह्म सिंह को उतारा है। कांग्रेस की ओर से इस सीट पर परवेज हाशमी चुनाव लड़ रहे हैं।

बल्लीमारान सीट: इमरान हुसैन

इस विधानसभा सीट पर आप और कांग्रेस में कांटे की टक्कर की बात कही जा रही है। यहां से आप ने इमरान हुसैन को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने इस सीट से हरून युसुफ को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने लता सोढ़ी को यहां से टिकट दिया है। इसीलिए इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है।

हरिनगर सीट: तेजिंदर पाल बग्गा

दिल्ली की हरिनगर सीट में वैसे तो लोगों को अधिक दिलचस्पी नहीं थी, मगर भाजपा के तेजिंदर पाल बग्गा को टिकट दिए जाने के बाद ये सीट काफी चर्चित हो गई। बग्गा को सोशल मीडिया पर लोग खूब पहचानते हैं। उन्होंने दिल्ली चुनाव से ठीक पहले ट्विटर पर कई विवादित ट्वीट भी किए थे। हरिनगर से आप की राजकुमारी ढिल्लों बग्गा को टक्कर दे रही हैं। जबकि कांग्रेस ने सुरेंदर सेठी को चुनावी मैदान में उतारा है।

कालकाजी सीट: आतिशी मर्लेना

दिल्ली की कालकाजी सीट पर भी निगाहें हैं क्योंकि यहां से आप की नेता आतिशी मर्लेना चुनावी मैदान में उतरी हैं। उनके सामने कांग्रेस ने शिवानी चोपड़ा और भाजपा ने धर्मबीर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।

चांदनी चौक सीट: अलका लांबा

दिल्ली के चांदनी चौक से आप छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा चुनावी मैदान में उतरी हैं। उन्हें टक्कर देने के लिए आप ने प्रह्लाद सिंह साहनी को टिकट दिया है। जबकि भाजपा की ओर से इस सीट पर सुमन कुमार गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं।

राजेंद्र नगर सीट: राघव चड्ढा

दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर आप के युवा नेता राघव चड्ढा चुनावी मैदान में हैं। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राघव विधानसभा में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस सीट से भाजपा ने आरपी सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि कांग्रेस ने रॉकी तुसीद को चुनावी मैदान में उतारा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi Assembly election, results, 10 seats
OUTLOOK 11 February, 2020
Advertisement