Advertisement
24 November 2019

कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव में रोजगार, कर्ज माफी और मेट्रो रेल के वादे किए

झारखंड कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए हर परिवार को रोजगार, किसानों को कर्ज माफी और रांची में मेट्रो रेल चलाने के वादे किए हैं। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में तमाम वादे किए हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आर. पी. एन. सिंह और प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर ओरावं ने रांची में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया।

घोषणा पत्र में ये वादे किए कांग्रेस ने

सिंह ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि अगर राज्य में गठबंधन की सरकार बनती है तो सभी खाली सरकारी पद छह महीनों में भरे जाएंगे। परिवार के एक सदस्य को जब तक रोजगार नहीं मिलेगा, उसे तब तक बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। कांग्रेस ने महिलाओं को अधिकतम रोजगार देने, अकेले यात्रा कर रहीं महिलाओं को मुफ्त बस सेवा, किसानों को दो लाख रुपये तक कर्ज माफी, 10 हजार रुपये से कम मासिक आय वाले परिवारों की लड़कियों को मुफ्त साइकिल, रांची में मेट्रो रेल, मॉब लिंचिंग के लिए कड़े कानून, धान का एमएसपी 2500 रुपये प्रति क्विंटल करने, पेट्रोल व डीजल पर वैट घटाने और ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सुविधा देने का भी वादा किया गया है।

Advertisement

गठबंधन में चुनाव लड़ रही कांग्रेस

राज्य में कांग्रेस ने चुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस, 43, झामुमो 31 और राजद सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

भाजपा पर विफलता छिपाने को मंदिर मुद्दा उछालने का आरोप

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर ओरावं ने कहा कि विपक्षी दल विधानसभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों पर फोकस कर रहे हैं जबकि भाजपा अपनी सरकार की विफलता से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उछाल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि उसने सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मंदिर का मुद्दा लटकाए रखा। भाजपा नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज अयोध्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर का निर्माण कोई ताकत नहीं रोक सकती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Metro, loan waiver, jobs, Jharkhand, Cong manifesto
OUTLOOK 24 November, 2019
Advertisement