Advertisement
23 December 2019

क्या झारखंड के चुनावी नतीजे एनआरसी और नागरिकता कानून के खिलाफ जनादेश हैं?

झारखंड विधानसभा चुनाव ठीक ऐसे समय में हुए हैं जब पूरे देश में नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर जोरदार बहस के साथ प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि झारखंड का जनादेश पूरे देश की जनता का मूड बता रहा है। झारखंड में भाजपा की करारी हार के बाद कहा जाने लगा है कि जनता ने एनआरसी और सीएए को खारिज कर दिया है।

नतीजे एनआरसी और सीएए के खिलाफ जनादेशः केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे एनआरसी और सीएए के खिलाफ जनादेश प्रतीत होता है। नतीजों ने भाजपा के अहंकार का जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड चुनाव के आखिरी दो चरणों के मतदान से पहले भाजपा ने आक्रामक तरीके से एनआरसी और सीएए का मुद्दा उठाया था।  कम से कम एक राज्य की जनता ने सीएए और एनआरसी पर जवाब दे दिया है।

Advertisement

जनता विभाजनकारी राजनीति से तंग आ चुकी हैः गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जनता भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से तंग आ चुकी है। महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद झारखंड के लोगों ने भी नरेंद्र मोदी और अमित शाह की गुमराह करने वाली राजनीति को नकार दिया है। राज्यों के नतीजों से स्पष्ट है कि उनका एजेंडा चलने वाला नहीं है।

मतदाताओं ने भाजपा की नीतियों को खारिज कियाः गहलोत

शिव सेना के नेता संजय राउत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के चुनाव प्रचार में सीएए का मुद्दा जोरों से उठाया। लेकिन चुनाव नतीजों से पता चलता है कि जनता ने उन्हें नकार दिया है। पीएम मोदी के बयान पर उन्होंने कहा कि मोदी और शाह के बयान विरोधाभासी हैं। पीएम को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।

जनता ने मोदी-शाह का अहंकार तोड़ाः एनसीपी

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भी कहा है कि झारखंड के नतीजों और रुझानों से संकेत मिलता है कि मतदाताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के अहंकार को तोड़ दिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनराजी ने झारखंड चुनाव नतीजों पर कहा कि ये चुनाव एनआरसी और सीएए के विरोध के बीच हुए हैं। वहां के मतदाताओं ने कांग्रेस-झामुमो- राजद गठबंधन को जनादेश दिया है।

भाजपा पूरे देश में ढलान परः चिदंबरम

उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि चुनाव नतीजों से साबित हो रहा है कि भाजपा पूरे देश में ढलान पर है। भाजपा को हरियाणा में झटका लगा। महाराष्ट्र में उसे हार का सामना करना पड़ा। अब झारखंड में जनता ने उसे नकार दिया। उन्होंने एनआरसी और सीएए पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर भी सवाल उठाया।  केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह ने एनआरसी लागू करने के बारे में कहा था लेकिन मोदी ने कहा कि इसकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने सीएए में मुस्लिमों को बाहर रखने और सिर्फ तीन देशों के अल्पसंख्यकों को शामिल किए जाने पर भी आपत्ति जताई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: CAA, NRC, Jharkhand, Arvind Kejriwal, BJP, Amit shah, narendra modi
OUTLOOK 23 December, 2019
Advertisement