Advertisement
03 June 2024

लोकसभा चुनाव रिजल्ट 2024: आज कितने बजे से शुरू होगी मतगणना, कब तक साफ हो जाएगी तस्वीर, यहां पढ़ें हर सवाल का जवाब

देश में लोकसभा चुनाव 2024 की मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब लोगों की नजरें चुनाव नतीजों पर टिकी हैं। इस नतीजे पर देश-दुनिया की नजर टिकी है। सवाल यही है कि क्या मोदी 3.0 सरकार बनेगी और इस बार बदल जाएगी सत्ता? चंद घंटों बाद हर सवाल का जवाब मिलना शुरू हो जाएगा। 4 जून को लोकसभा के साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के भी नतीजे आएंगे। इस बार कुल 8360 उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर 4 जून को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देशभर में अलग-अलग स्थानों पर मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां ईवीएम को सुरक्षित रखा गया है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

आयोग के मुताबिक, सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। पोस्टल बैलट 2 कैटेगरी में काउंट होंगे। पहले सेना, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और ऑफिसर्स के वोट काउंट होंगे।

Advertisement

सेकेंड कैटेगरी में चुनाव ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के पोस्टल बैलट काउंट होंगे। इन सभी पोस्टल बैलट वोट को सबसे आखिर में ईवीएम के वोट के साथ जोड़ा जाएगा। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए भी काउंटिंग 4 जून को सुबह आठ बजे शुरू होगी। विधानसभा बाय इलेक्शन के लिए गिनती इसी दिन होगी।

काउंटिंग शुरु होने के शुरुआती 4 घंटों के बाद यानी दोपहर 12 बजे तक रुझान आने शुरू होंगे। करीब 2 बजे से नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। ईवीएम  के वीवीपैट से मिलान, वीवीपैट पर्ची काउंटिंग और पोस्टल बैलट जोड़ने के बाद फाइनल रिजल्ट शाम 6 बजे तक घोषित होने की संभावना है। हालांकि रुझानों के हिसाब से दोपहर 12 बजे तक देश में नई सरकार की स्थिति साफ हो जाएगी। लेकिन कांटे का मुकाबला हुआ, तो इसमें वक्त लग सकता है।

लोकसभा चुनाव के नतीजे से पहले एग्जिट पोल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार हैट्रिक लगाते नजर आ रहे हैं। एक पोल में तो एनडीए 400 के पार तक पहुंच रही है। 13 एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 365 और इंडिया को 145 सीटों का अनुमान है। अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं। इस बार भाजपा 2019 में मिली 303 सीटों का आंकड़ा पार कर सकती है।

किस पार्टी ने कितनी रैली कीं

2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे ज्यादा 206 रैलियां और रोड शो किए। 80 इंटरव्यू दिए। 2019 में उन्होंने 145 चुनावी कार्यक्रम किए थ। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने 118 रैलियां और रोड शो किए हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने 88 रैलियां और रोड शो किए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 107, प्रियंका गांधी ने 108 रैलियां और रोड समेत बाकी चुनावी कार्यक्रम किए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 100 से ज्यादा इवेंट में हिस्सा लिया।

बता दें कि लोकसभा चुनाव के परिणाम की हर जानकारी चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/ पर दी जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lok Sabha Election Result 2024, counting of votes
OUTLOOK 03 June, 2024
Advertisement