Advertisement
11 April 2019

लोकसभा चुनाव: पहला चरण समाप्त, पश्चिम बंगाल-त्रिपुरा में 80 फीसदी से ज्यादा मतदान

ANI

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। पहले चरण में 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर वोट डाले गए। पहले चरण में कुल 1279 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। इस चरण में 14 करोड़ 20 लाख 54 हजार 978 मतदाता हैं। इनमें 7 करोड़ 21 लाख पुरुष मतदाता, 6 करोड़ 98 लाख महिला मतदाता हैं। इनके लिए 1.70 लाख मतदान केंद्र बनाए गए थे।

कहां कितने प्रतिशत वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 63.69 फीसदी, बिहार में 50 फीसदी, महाराष्ट्र में 56 फीसदी, तेलंगाना में 60.57 फीसदी, ओडिशा में 68 फीसदी, मेघालय में 67.16 फीसदी, मणिपुर में 78.20 फीसदी, लक्षद्वीप में 66 फीसदी, और असम में 68 फीसदी वोटिंग हुई।

Advertisement

शाम 5 बजे तक अंडमान निकोबार की एक सीट पर 70.67 फीसदी, आंध्र प्रदेश की 25 सीटों पर 66 फीसदी, छत्तीसगढ़ की एक सीट पर 56 फीसदी, उत्तराखंड की 5 सीटों पर 57.85 फीसदी, जम्मू-कश्मीर की दो सीटों पर 54.49 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सिक्किम में 69 फीसदी, मिजोरम में 60 फीसदी, नगालैंड में 78 फीसदी,त्रिपुरा 81.8 फीसदी, असम में 68 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 81 फीसदी वोटिंग हुई है। 

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि बस्तर के दंतेवाड़ा में स्थित श्यामगिरी पोलिंग बूथ पर मतदाताओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। यहां 77 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सल प्रभावित चार पोलिंग बूथ पर पोलिंग टीम नहीं पहुंच सकी क्योंकि यह नक्सल प्रभावित इलाका है। यहां फिर से मतदान कराया जाएगा।

पश्चिमी यूपी में मतदान

पश्चिमी यूपी की आठ सीटों पर भी नजर रही। यहां सहारनपुर में 70.68 फीसदी, कैराना में 62.10 फीसदी, मुजफ्फरनगर में 66.66 फीसदी, बिजनौर में 65.40 फीसदी, मेरठ में 63 फीसदी, बागपत में 63.90 फीसदी, गाजियाबाद में 57.60 फीसदी, गौतम बुद्ध नगर में 60.15 फीसदी वोटिंग हुई।

ईवीएम में शिकायतें

ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों पर चुनाव आयोग ने कहा कि कुछ शिकायतें आईं जहां ईवीएम में खराबी आई। इनमें आंध्र प्रदेश से 6, अरुणाचल प्रदेश से 5, बिहार में 1, मणिपुर में 2 और पश्चिम बंगाल में 1 ईवीएम शामिल हैं। ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत के साथ चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा।

बड़ी मात्रा में बरामद हुए रुपए 

6 बजे तक बड़ी मात्रा में रुपए भी बरामद हुए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, कुल 2626 करोड़ रुपए की बरामदगी हुई जिसमें 607 करोड़ रुपए कैश में, 198 करोड़ की शराब, 1091 करोड़ के ड्रग्स और नारकोटिक्स, 486 करोड़ की बहुमूल्य धातुएं और 48 करोड़ रुपए के अन्य सामान शामिल हैं।

कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। आज केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं की किस्मत ईवीएम  में कैद हो गई। वहीं रालोद के अजित सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालियान से है, जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से मैदान में हैं।

इन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी हुए। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हुआ। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में ही मतदान संपन्न हुआ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lok Sabha Elections, 2019, total voter turnout, voting percentage, up, bihar, maharashtra, telangana, sunil arora
OUTLOOK 11 April, 2019
Advertisement