Advertisement
10 October 2019

चुनाव से पहले शिवसेना को झटका, 26 पार्षदों और 300 कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

File Photo

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र में शिवसेना में टिकट बंटवारे से कई पार्षद और कार्यकर्ता नाराज हैं। यही वजह है कि महाराष्ट्र के 26 शिवसेना पार्षदों और करीब 300 कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को अपना इस्तीफा भेज दिया है। आगामी महाराष्ट्र चुनाव में सीट बंटवारे से ये पार्षद और कार्यकर्ता नाराज बताए जा रहे हैं।  

अब मतदान में महज कुछ ही दिन बचे हैं। राज्य की 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान होना है। नामांकन की प्रक्रिया भी एक हफ्ता पहले ही पूरी हो चुकी है, लेकिन टिकट वितरण को लेकर नेताओं व कार्यकर्ताओं की नाराजगी खत्म नहीं हो रही है। बुधवार को ठाणे में शिवसेना के 26 निगम पार्षदों ने अपनी नाराजगी जाहिर की और पार्टी चीफ उद्धव ठाकरे को इस्तीफे भेज दिए। इतना ही नहीं, इन पार्षदों के साथ करीब पार्टी के 300 कार्यकर्ताओं ने भी खुद को अलग करने का निर्णय लिया है।

21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव

Advertisement

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।

2014 के परिणाम

साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में इतनी सीटें हासिल की थीं। वहीं, कांग्रेस 42 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके अलावा, शिवसेना 63 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने वाली पार्टी थी। शरद पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली थीं।

2014 में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे। कुल 52691758 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। जिसमें 28383004 पुरुष, 24308397 महिला और 357 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल थे। पिछले विधानसभा चुनाव में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Maharashtra polls, 26 Shiv Sena, Corporators, resign, after Kalyan East seat, falls, BJP's quota
OUTLOOK 10 October, 2019
Advertisement