Advertisement
07 December 2022

एमसीडी चुनाव: आम आदमी पार्टी दफ्तर में जश्न, जीत को लेकर पार्टी आश्वस्त

आम आदमी पार्टी कार्यालय में बुधवार सुबह से जश्न का माहौल है और लाउडस्पीकरों से देशभक्ति के गीत गूंज रहे हैं। साथ ही समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ है क्योंकि ताजा मतगणना के परिणाम में पार्टी एमसीडी चुनावों में भाजपा से आगे चल रही है।

पार्टी के राउज एवेन्यू कार्यालय में मीडियाकर्मियों के लिए एक बड़ा मंच बनाया गया है।

नर्वस लेकिन आशान्वित आप कार्यकर्ताओं की नजरें एलईडी स्क्रीन पर टिकी हैं और मतगणना के नतीजे सामने आ रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे हैं और उनमें से कुछ को लगातार ट्वीट करते देखा जा रहा है क्योंकि यहां नगरपालिका चुनावों में पार्टी की पहली जीत का जश्न मनाने के लिए कार्यालय को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पार्टी के एक कार्यकर्ता ने कार्यालय में नीले और पीले रंग के गुब्बारे उड़ाते हुए कहा, "आप ही आएगी एमसीडी में इस बार हमको भरोसा है।"

नतीजों के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लोगों को संबोधित करने की उम्मीद है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में डाले गए वोटों की गिनती बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।
सुबह करीब नौ बजे शुरुआती रुझानों में भाजपा 66 सीटों पर और आम आदमी पार्टी 30 सीटों पर आगे चल रही थी। कांग्रेस सिर्फ तीन सीटों पर आगे थी।
मतगणना आगे बढ़ने के साथ आप और भाजपा के बीच का अंतर कम होता गया और सुबह करीब 09.05 बजे भाजपा 107 सीटों पर और आम आदमी पार्टी 95 सीटों पर आगे चल रही थी।
सुबह करीब 10.30 बजे आप (123) बीजेपी (108) से आगे निकल गई. कांग्रेस 12 सीटों पर आगे चल रही थी।

जबकि दोपहर तक आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव में 126 के बहुमत के करीब पहुंचकर 106 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने 84 वार्डों पर जीत हासिल की। वहीं पांच वार्ड जीतकर कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही, जबकि सीलमपुर में निर्दलीय उम्मीदवार शकीला जीतीं।
एमसीडी में 250 वार्ड हैं और साधारण बहुमत का निशान 126 है।

Advertisement

अधिकांश एग्जिट पोल ने बीजेपी पर आप की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर है।
जहां आप ने 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, वहीं भाजपा और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।
दिल्ली नगर निगम (MCD) के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को चुनाव हुआ, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य को वोटिंग मशीन में बंद कर दिया गया। चुनाव में 50.48 फीसदी मतदान हुआ।
2017 के निकाय चुनाव में, भाजपा ने 270 वार्डों में से 181 पर जीत हासिल की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीटों पर मतदान नहीं हो सका। आप ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस वर्ष मतदान प्रतिशत लगभग 53 था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Aam Aadmi Party office, BJP, MCD polls
OUTLOOK 07 December, 2022
Advertisement