Advertisement
13 October 2019

राहुल गांधी ने राफेल का मुद्दा उठाया, पूछा- राजनाथ पहला विमान लेने फ्रांस क्यों गए

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार रैली में राफेल का मामला उठाया है। फ्रांस में  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पहले राफेल लड़ाकू विमान की डिलीवरी लेने पर राहुल ने भाजपा पर निशाना साधा।

मुंबई के चंदावली विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि  जैसे आजादी से पहले अंग्रेजों ने भारत को बांटने और लूटने का काम किया था, वैसे ही आज भाजपा कर रही है। लगता है कि भाजपा को अभी भी राफेल से डर लग रहा है। अगर ऐसा नहीं है तो राजनाथ सिह पहला राफेल विमान लेने के लिए फ्रांस क्यों गए। 

उससे पहले राहुल गांधी ने लातूर मे एक चुनावी रैली में आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मीडिया लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। मोदी अनुच्छेद 370 पर बातें करते हैं लेकिन मुख्य मुद्दों पर मौन साध जाते हैं।

Advertisement

रोजगार मांगने पर सरकार चंद्रमा देखने को कहती है

लातूर जिले के औसा में एक चुनावी सभा में गांधी ने कहा कि जब युवा रोजगार मांगते हैं तो सरकार उन्हें चंद्रमा देखने को कहती है। उनका इशारा इसरो के हाल के अभियान चंद्रयान-2 की ओर था। उन्होंने मोदी से सवाल किया कि क्या उन्होंने चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के साथ हाल की वार्ता के दौरान 2017 के डोकलाम के टकराव पर बात की। 2017 में चीन की सेना ने डोकलाम में घुसपैठ की थी और यह गतिरोध लंबे समय तक बना रहा था।

15 अमीरों के 5.5 लाख करोड़ रुपये कर्ज माफ किए

गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 15 अमीर लोगों के 5.5 लाख करोड़ रुपये क कर्ज माफ कर दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया, मोदी और शाह का काम लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने का है। मीडिया अमीर लोगों पर बकाया कर्ज माफ किए जाने के बारे में चुप्पी साधे हुए है।

गरीबों का पैसा छीनकर अमीरों को दिया

गांधी ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी लागू करने का मकदस गरीबों से पैसा लेकर अमीरों को देना था। जब युवा नौकरी मांगते हैं तो सरकार उन्हें चंद्रमा को देखने के लिए कहती है। सरकार जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और चंद्रमा के बारे में बाद करती है। लेकिन वह देश की गंभीर समस्याओं पर मौन है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, core issues, congress, Maharashtra election, narendra modi, Rafale deal
OUTLOOK 13 October, 2019
Advertisement