Advertisement
13 July 2024

पंजाब उपचुनाव: जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर 'आप' के भगत ने भाजपा के अंगुराल को हराया

पंजाब की सत्तारूढ़ पार्टी आप ने शनिवार को जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा, क्योंकि उसके उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने उपचुनाव में भाजपा की शीतल अंगुराल को 37,325 मतों के अंतर से हराया।

अधिकारियों के मुताबिक, भगत को 55,246 वोट मिले जबकि अंगुरल को 17,921 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहीं कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 16,757 वोट मिले।

जालंधर में भगत के आवास पर जश्न मनाया गया क्योंकि उनके परिवार के सदस्य और समर्थक आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में जीत से खुश थे।

Advertisement

आप कार्यकर्ताओं ने भगत की जीत पर पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और ढोल की थाप पर नृत्य किया। इस जीत के साथ अब 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप के 91 विधायक हो जाएंगे।

अपनी जीत पर, 66 वर्षीय भगत ने कहा कि मतदाताओं ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्यों के कारण आप के पक्ष में अपना जनादेश दिया। उन्होंने कहा, ''इस नतीजे से यह स्पष्ट है कि लोगों को राज्य सरकार का काम पसंद आ रहा है।''

पहले राउंड से लेकर 13 राउंड की मतगणना पूरी होने तक भगत ने बढ़त बनाये रखी. नौ राउंड की गिनती तक कांग्रेस प्रत्याशी सुरिंदर कौर दूसरे स्थान पर रहीं और उसके बाद भाजपा के अंगुराल ने इस स्थान पर कब्जा कर लिया।

शिअद उम्मीदवार सुरजीत कौर चौथे स्थान पर और बसपा उम्मीदवार बिंदर कुमार पांचवें स्थान पर रहे। आप विधायक के रूप में अंगुराल के इस्तीफे के बाद सीट खाली होने के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था। वह मार्च में बीजेपी में शामिल हुए थे। 

इस सीट पर बुधवार को मतदान हुआ और 54.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2022 के राज्य चुनावों में विधानसभा क्षेत्र के 67 प्रतिशत से काफी कम है।

इस उपचुनाव को पंजाब के मुख्यमंत्री के लिए एक अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है जो चाहते हैं कि उनकी पार्टी इस आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र को बरकरार रखने के लिए जीत दर्ज करे।

यह जीत पंजाब के मुख्यमंत्री मान के लिए महत्वपूर्ण थी क्योंकि उनकी आप को लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें वह राज्य की 13 संसदीय सीटों में से सिर्फ तीन पर जीत हासिल कर सकी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, aam Aadmi party aap, bhagat, Jalandhar west, assembly elections bypoll
OUTLOOK 13 July, 2024
Advertisement