Advertisement
30 January 2022

पंजाबः कांग्रेस ने आठ उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की, सीएम चन्नी भदौड़ से भी लड़ेंगे चुनाव

FILE PHOTO

पंजाब कांग्रेस ने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। 8 उम्मीदवारों वाली इस लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का है। चन्नी को भदौड़ विधानसभा क्षेत्र से भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। चन्नी को पार्टी ने पहले चमकौर साहिब सीट से भी प्रत्याशी बनाया था। नई लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के बेटे मनीष बंसल का नाम भी शामिल है। मनीष बरनाला सीट से चुनाव लड़ेंगे।

लिस्ट में अटारी (आरक्षित) सीट से तरसेम सिंह सियालका, खेम करन से सुखपाल सिंह भुल्लर, नवां शहर से सतबीर सिंह सैनी, लुधियाना साउथ से ईश्वरजोत सिंह चीमा, जलालाबाद से मोहन सिंह फलियांवाला, बरनाला से मनीष बंसल और पटियाला से विष्णु शर्मा का नाम है।

पार्टी ने यह अंतिम सूची जारी की है। पार्टी अब सभी 117 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। पटियाला में विष्णु शर्मा का मुकाबला पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह और आम आदमी पार्टी के अजीतपाल सिंह कोहली से होगा। विष्णु शर्मा पटियाला के पूर्व मेयर हैं और कैप्टन अमरिंदर सिंह से मतभेदों के चलते कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। दो हफ्ते पहले ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी में वापसी की थी। बता दें कि पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर 20 फरवरी को चुनाव है। वहीं, 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab, Congress, list, eight candidates, CM Channi, Bhadaur
OUTLOOK 30 January, 2022
Advertisement