Advertisement
22 January 2017

सपा ने जारी किया घोषणापत्र, कई लोकलुभावन वादे किए

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में बच्‍चों, महिलाओं, किसानों के लिए कई वायदे किए हैं। घोषणा पत्र में कहा गया है कि कुपोषित बच्चों को हर महीने एक लीटर घी और एक किलो मिल्क पावडर दिया जाएगा। इसके अलावा 25 जनपदों को फोर लेन सड़क से जिला मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। 108 की तर्ज पर गरीब किसान के बीमार जानवरों के लिए एंबुलेंस की सेवा उपलब्‍ध होगी। महिलाओं को बस किराए में 50% छूट दी जाएगी।लखनऊ के साथ-साथ आगरा, कानपुर, वाराणसी में भी मेट्रो लाया जाएगा। गरीब महिलाओं को जल्दी खाना बनाने के लिए प्रेशर कूकर दिया जाएगा। समाजवादी किसान कोष जिससे किसानों की समस्याओं का निदान किया जाएगा। समाजवादी पेंशन सीधे खाते में देने के काम को आगे बढ़ाएंगे। 

अखिलेश ने कहा कि एक करोड़ चालीस लाख लोगों ने समाजवादी स्मार्टफोन के लिए रजिस्ट्रेशन किया है अगर इन लोगों ने ही वोट दिया तो 300 सीटें तय हैं। उन्‍होने कहा कि गरीबों के लिए निशुल्क गेंहू और चावल का वितरण होगा। अखिलेश ने केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्‍होने कहा कि चुनाव के चलते हो सकता है बजट में यूपी के लिए कुछ घोषणा हो। अखिलेश ने केंद्र से सवाल किया कि ‘अच्छे दिन’ का नारा देने वाले तीन साल बाद बताएं क्या विकास किया? घोषणापत्र के कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव के ना आने से अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। लेकिन अखिलेश यादव आश्‍वस्‍त हैं कि उन्‍हें पिता का पूरा आर्शीवाद मिला है।   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: समाजवादी पार्टी, घोषणापत्र, अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, विधानसभा चुनाव
OUTLOOK 22 January, 2017
Advertisement