Advertisement
10 April 2019

अमेठी में नामांकन के बाद बोले राहुल गांधी, सुप्रीम कोर्ट ने भी माना चौकीदार ने राफेल में की चोरी

File Photo

लोकसभा चुनाव के लिए पांचवें चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष व अमेठी संसदीय सीट से प्रत्याशी राहुल गांधी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया है कि चौकीदार ने चोरी की है।

नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राहुल गांधी ने रोड शो किया।जिसमें गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, जीजा रॉबर्ट वाड्रा और उनके दोनों बच्चे भी शामिल हुए। इस रोड शो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुंशीगंज से शुरू हुए रोड शो में सड़क किनारे कांग्रेस समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस के झंडे भी देखे गए।

राहुल गांधी अपनी पारंपरिक सीट अमेठी से चौथी बार नामांकन दाखिल किया। प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने राहुल गांधी को आज अमेठी से नामांकन के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

Advertisement

 

नामांकन के बाद राहुल का पीएम मोदी पर निशाना

अमेठी में नामांकन करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिर निशाना साधा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा राफेल सौदे में धांधली के आरोपों की जांच कराने का बात स्वीकार करने को अपनी जीत बताया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी अब मान लिया है कि राफेल डील में घोटाला हुआ था, वह प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार पर बहस करने की चुनौती देते हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया है कि चौकीदार ने चोरी की है।

वायनाड लोकसभा सीट से भरा था नामांकन

पिछले सप्ताह गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भी अपना नामांकन भरा है। इस दौरान वहां भी उन्होंने नामांकन से पहले रोड शो किया था। उनके साथ प्रियंका वाड्रा भी मौजूद थीं। बुधवार को अमेठी में भी भव्य रोड शो की तैयारी है। रोड शो में भारी भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेसी देर शाम तक जुटे रहे।

11 अप्रैल को स्मृति भरेंगी नामाकंन

अमेठी में राहुल का मुकाबला इस बार फिर भाजपा की स्मृति ईरानी से है। ईरानी 11 अप्रैल को पर्चा भरेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई मंत्रियों के मौजूद रहने की उम्मीद है। यहां बसपा-सपा गठबंधन ने अपना कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

2004 में पहली बार राहुल बने सांसद

राहुल 2004 में पहली बार अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़े थे। तब उन्होंने बसपा के चंद्र प्रकाश मिश्रा को करीब तीन लाख वोटों से हराया था। 2009 के चुनाव में राहुल फिर जीते। इस बार जीत का आंकड़ा साढ़े तीन लाख पहुंच गया। 2014 में राहुल तीसरी बार इस सीट से सांसद चुने गए। तब उनका मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से ही था। लेकिन इस बार राहुल की जीत का अंतर घटकर एक लाख सात हजार वोट पर आ गया।

अमेठी से अब तक कांग्रेस 2 बार हारी

अमेठी लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। यहां अब तक 16 लोकसभा चुनाव और दो उप चुनाव हुए हैं। इनमें कांग्रेस 16 बार जीती। 1977 में यहां भारतीय लोकदल और 1998 में भाजपा ने चुनाव जीता था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, files, nomination, from Amethi, Lok Sabha Elections, Sonia, Priyanka, Robert Vadra, also present.
OUTLOOK 10 April, 2019
Advertisement