Advertisement
29 April 2019

चौथे चरण में बैजयंत पांडा, नकुलनाथ और उर्मिला मातोंडकर समेत ये बड़े चेहरे हैं मैदान में

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 9 राज्यों की 72 सीटों के लिए मतदान जारी है। इस चरण में कई सियासी दिग्गजों के भाग्य का फैसला होगा। आइए, जानते हैं इस चरण में कौन-कौन से बड़े चेहरे मैदान में हैं...

उर्मिला मातोंडकर

उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार गोपाल शेट्टी से है। 2014 में भाजपा के गोपाल शेट्टी ने कांग्रेस के बड़े चेहरे संजय निरुपम को बुरी तरह से हराया था। गोपाल शेट्टी को 6,64,004 वोट मिले थे, जबकि तत्कालीन सांसद होते हुए भी संजय निरुपम महज 2,17,422 वोट हासिल कर पाए थे।

Advertisement

गिरिराज सिंह: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगूसराय से प्रत्याशी हैं। माकपा से कन्हैया कुमार और राजद से तनवीर हसन उनके खिलाफ मैदान में हैं। यहां त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। गिरिराज सिंह 2014 में नवादा सीट से चुनाव जीते थे। इस बार यह सीट गठबंधन के अंतर्गत लोजपा के खाते में गई है। 

डिंपल यादव: उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव इस बार भी कन्नौज सीट से मैदान में हैं। 2014 में उन्होंने भाजपा के सुब्रत पाठक को हराया था। इस बार भी भाजपा ने पाठक को ही टिकट दिया है। अखिलेश भी इस सीट से तीन बार चुनाव जीत चुके हैं।

नकुलनाथ: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से कमलनाथ 9 बार से सांसद हैं। नकुलनाथ  के खिलाफ भाजपा ने रामदास उइके को प्रत्याशी बनाया है।

पूनम महाजन: भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन मुंबई उत्तर-मध्य से चुनावी मैदान में हैं। 2014 में पूनम ने कांग्रेस नेता और संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त को हराया था। कांग्रेस ने प्रिया को इस बार फिर टिकट दिया है।

राकेश सिंह: मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह इस बार भी जबलपुर से चुनावी मैदान हैं। वे यहां से तीन बार से सांसद हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ यहां से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा को उतारा है।

बैजयंत पांडा: ओडिशा की केंद्रपाड़ा सीट इस पबार काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यहां नवीन पटनायक के नजदीकी माने जाने वाले और बीजद नेता बैजयंत पांडा भाजपा में शामिल हो गए हैं। वे केंद्रपाड़ा से चुनावी मैदान में हैं। पांडा इस सीट से बीजद के टिकट पर दो बार चुनाव भी जीत चुके हैं। बीजद ने उनके खिलाफ उड़िया अभिनेता अनुभव मोहंती को उतारा है।

सलमान खुर्शीद

फर्रुखाबाद सीट से पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद एक बार फिर भाग्य आजमा रहे हैं। उनके मुकाबले में मौजूदा सांसद भाजपा उम्मीदवार मुकेश राजपूत मैदान में हैं। इसके अलावा गठबंधन ने मनोज अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है।

साक्षी महराज

उन्नाव सीट से मौजूदा सांसद साक्षी महाराज एक बार फिर भाजपा से प्रत्याशी हैं और उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व सांसद अनु टंडन और गठबंधन के अरुण कुमार शुक्ला से है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: high profile faces, fourth phase, Lok Sabha elections.
OUTLOOK 29 April, 2019
Advertisement